देशभर में पेट्रोल-डीजल और एलपीजी की आपूर्ति सामान्य, तेल कंपनियों ने अफवाहों से बचने की अपील की

नई दिल्ली : पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच देश की प्रमुख तेल विपणन कंपनियों इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल), भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) ने देशभर में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता होने का भरोसा दिया है। कंपनियों ने स्पष्ट किया कि, देश में ईंधन की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। आईओसीएल ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी बयान में कहा कि, उसके देशभर के पेट्रोल पंपों पर ईंधन की उपलब्धता पर्याप्त है और उपभोक्ताओं की जरूरतों को बिना किसी बाधा के पूरा किया जा रहा है। कंपनी ने लोगों से सामान्य आवश्यकता के अनुसार ही ईंधन खरीदने की अपील की।

बीपीसीएल ने बताया कि, 11 से 20 मई के बीच देशभर में एलपीजी की निर्बाध आपूर्ति जारी रही है। कंपनी के अनुसार घरेलू उपभोक्ताओं, व्यवसायों और छोटे विक्रेताओं तक लगातार गैस सिलेंडर पहुंचाए जा रहे हैं। बीपीसीएल ने कहा कि मजबूत सप्लाई चेन और चौबीसों घंटे संचालन के चलते किसी तरह की परेशानी नहीं है तथा लोगों को घबराकर खरीदारी करने की जरूरत नहीं है। एचपीसीएल ने राजस्थान और जयपुर सहित कई क्षेत्रों में पेट्रोल-डीजल की स्थिति सामान्य बताते हुए कहा कि सभी रिटेल आउटलेट नियमित रूप से संचालित हो रहे हैं। कंपनी के आंकड़ों के मुताबिक 1 से 20 मई 2026 के बीच पेट्रोल की बिक्री में 19 प्रतिशत और डीजल की बिक्री में 24.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। जयपुर में पेट्रोल की बिक्री 18.4 प्रतिशत और डीजल की बिक्री 21.3 प्रतिशत बढ़ी है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

कंपनी ने बताया कि, उसके अधिकारी और फील्ड टीमें लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और उपभोक्ताओं तथा डीलरों से संपर्क कर अनावश्यक खरीदारी से बचने की सलाह दे रही हैं। तेल कंपनियों के सूत्रों ने यह भी स्पष्ट किया कि रूस से आने वाली कच्चे तेल की आपूर्ति में कोई कमी नहीं हुई है और भारत में पेट्रोलियम उत्पादों का पर्याप्त भंडार मौजूद है। उन्होंने कहा कि भारत पेट्रोलियम उत्पादों के मामले में अधिशेष वाला देश है। विशेषज्ञों के अनुसार कुछ क्षेत्रों में ईंधन की मांग बढ़ने का कारण फसल कटाई के मौसम में डीजल की अधिक खपत और निजी पेट्रोल पंपों से सरकारी तेल कंपनियों की ओर उपभोक्ताओं का रुख करना है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here