फिलीपींस : गन्ने के कीटों और अल नीनो के प्रभाव से निपटने के लिए 2 अरब पेसो आवंटित करने की मांग

मनीला: चीनी नियामक प्रशासन (एसआरए) गन्ना उद्योग विकास अधिनियम (एसआईडीए) के तहत 2 अरब पेसो की राशि आवंटित करने की मांग कर रहा है। इसका उद्देश्य सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करना, लाल धारियों वाले सॉफ्ट स्केल कीट (RSSI) के प्रकोप पर नियंत्रण पाना और अल नीनो के प्रभावों से निपटना है। द मनीला टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, एजेंसी ने इस संबंध में अतिरिक्त बजट की मांग की है। एसआरए के प्रशासक पाब्लो अज़कोना ने बताया कि, एजेंसी को पारंपरिक रूप से एसआईडीए के तहत हर साल 1 अरब पेसो मिलते रहे हैं। इसके अलावा, पिछले वर्षों की बची हुई राशि में से लगभग 500 मिलियन पेसो भी उपलब्ध होते रहे हैं। सीनेटर फ्रांसिस पैंगिलिनन और जुआन मिगुएल जुबिरी ने अतिरिक्त धनराशि की मांग का समर्थन करते हुए एजेंसी को अधिक बजट हासिल करने के लिए प्रोत्साहित किया है।

सिंचाई और कीट नियंत्रण पर खर्च होंगे 1 अरब पेसो

ChiniMandi WhatsApp Channel

प्रस्तावित बजट में से 1 अरब पेसो सिंचाई सुविधाओं के विकास और कीट नियंत्रण के लिए निर्धारित करने का प्रस्ताव है।इसमें 60 प्रतिशत राशि सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने और शेष 40 प्रतिशत राशि आरएसएसआई कीट के प्रकोप को नियंत्रित करने पर खर्च की जाएगी। कीट नियंत्रण कार्यक्रम के तहत ड्रोन से कीटनाशकों का छिड़काव करने वाले उपकरणों का उपयोग, कवक के माध्यम से जैविक नियंत्रण और क्षेत्रीय प्रयोगशालाओं की स्थापना जैसे उपाय शामिल होंगे।वर्ष 2015 में लागू किए गए एसआईडीए कानून का उद्देश्य उत्पादकता बढ़ाकर, कृषि गतिविधियों में विविधता लाकर, रोजगार के अवसर पैदा करके और चीनी मिलों की कार्यप्रणाली को अधिक कुशल बनाकर चीनी उद्योग की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ाना तथा किसानों और खेत मजदूरों की आय में सुधार करना है।

अमेरिका को कच्ची चीनी निर्यात करने पर फैसला लंबित

इस बीच, फिलीपींस का चीनी नियामक प्रशासन मौजूदा पेराई सीजन के उत्पादन आंकड़ों की समीक्षा कर रहा है। इसके बाद ही यह तय किया जाएगा कि देश अमेरिका को कच्ची चीनी निर्यात करने की प्रतिबद्धता दे सकता है या नहीं।एसआरए प्रशासक अज़कोना ने अमेरिकी कृषि विभाग से अक्टूबर के उत्पादन आंकड़ों का आकलन करने के लिए नवंबर के मध्य या अंत तक का समय देने का अनुरोध किया है। इसके बाद निर्यात को लेकर निर्णय लिया जाएगा।अज़कोना के अनुसार, सीजन की शुरुआत में नेग्रोस क्षेत्र की केवल तीन चीनी मिलें चालू थीं, लेकिन अब सभी मिलें अपनी पूरी क्षमता से काम कर रही हैं।मौजूदा उत्पादन अनुमानों के आधार पर किसानों और चीनी मिल संचालकों ने देश में उत्पादित पूरी कच्ची चीनी घरेलू खपत के लिए सुरक्षित रखने पर सहमति जताई है।

2026-27 सीजन की चीनी घरेलू बाजार के लिए आरक्षित

चीनी आदेश संख्या 1 के तहत एसआरए ने फसल वर्ष 2026-27 (1 अक्टूबर 2026 से 30 सितंबर 2027) में उत्पादित पूरी कच्ची चीनी को ‘बी’ श्रेणी यानी घरेलू बाजार के लिए निर्धारित किया है। इसका उद्देश्य उत्पादन में संभावित कमी के बीच देश में चीनी की उपलब्धता बनाए रखना है। इस आदेश में कच्ची चीनी का अनुमानित उत्पादन 16.62 लाख मीट्रिक टन निर्धारित किया गया है। साथ ही, नए फसल वर्ष में सुचारु बदलाव सुनिश्चित करने के लिए चीनी मिलों को 28 सितंबर से ही परिचालन शुरू करने की अनुमति दी गई है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here