मनीला : फिलीपींस के यूनाइटेड शुगर प्रोड्यूसर्स फेडरेशन (यूनिफाइड) ने शुगर रेगुलेटरी एडमिनिस्ट्रेशन (एसआरए) के उस नए आदेश का स्वागत किया है, जिसके तहत बायोएथेनॉल उत्पादन के लिए चीनी आधारित कच्चे माल (फीडस्टॉक) के आयात से जुड़ी कानूनी खामियों को बंद कर दिया गया है।संगठन का कहना है कि, इस कदम से बिना नेशनल बायोफ्यूल्स बोर्ड (एनबीबी) की मंजूरी के चीनी आधारित फीडस्टॉक के आयात पर रोक लगेगी और घरेलू चीनी उद्योग को सुरक्षा मिलेगी। यूनिफाइड के अध्यक्ष मैनुअल लामाटा ने कहा कि, यदि इस खामी को दूर नहीं किया जाता, तो इससे स्थानीय चीनी उद्योग को गंभीर नुकसान हो सकता था। उनका कहना था कि, आयातित कच्चे माल के कारण देश में उत्पादित गन्ना, शीरा (मोलासेस) और अन्य चीनी आधारित उत्पादों की मांग प्रभावित हो सकती थी।
पिछले सप्ताह एसआरए ने शुगर ऑर्डर नंबर 4 (फसल वर्ष 2025-26) जारी कर स्पष्ट किया कि, बायोएथेनॉल उत्पादन के लिए चीनी आधारित फीडस्टॉक का आयात तभी किया जा सकेगा, जब उसे नेशनल बायोफ्यूल्स बोर्ड की मंजूरी प्राप्त हो।इस आदेश के दायरे में शीरा (मोलासेस), चीनी, गन्ना, शुगर सिरप तथा गन्ने और चीनी से बनने वाले अन्य उत्पाद शामिल हैं। एसआरए ने बताया कि, यह स्पष्टीकरण इसलिए आवश्यक था क्योंकि वर्ष 2008-09 के एक पुराने शुगर ऑर्डर की कुछ धाराओं की ऐसी व्याख्या की जा रही थी, जिससे इन उत्पादों के आयात की अनुमति मिलने की संभावना बन रही थी।
मैनुअल लामाटा ने कहा कि, उद्योग से जुड़े लोगों के लिए यह हैरानी की बात थी कि वर्ष 2008-09 के शुगर ऑर्डर में दो बार संशोधन होने के बावजूद उस प्रावधान को नहीं हटाया गया, जो बायोएथेनॉल उत्पादन के लिए गन्ना और चीनी आधारित उत्पादों के आयात की अनुमति देता था। उन्होंने इसे कानून के विपरीत बताते हुए कहा कि उस समय देश में केवल एक एथेनॉल संयंत्र संचालित था और स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कच्चा माल ही उसकी जरूरतों को पूरा करने के लिए पर्याप्त था।
इस बीच, फिलीपींस सरकार संयुक्त प्रशासनिक आदेश 2008-1 में संशोधन के प्रस्ताव पर भी विचार कर रही है। प्रस्ताव के अनुसार गन्ना और शीरा के साथ-साथ मक्का (कॉर्न) को भी बायोएथेनॉल उत्पादन के लिए अधिकृत फीडस्टॉक के रूप में शामिल किया जा सकता है। कृषि विभाग के अनुसार, इस प्रस्ताव की समीक्षा जारी है और अंतिम मंजूरी नेशनल बायोफ्यूल्स बोर्ड द्वारा दी जाएगी।
इस संशोधन के समर्थकों का कहना है कि मक्का आधारित एथेनॉल किसानों के लिए अतिरिक्त आय का स्रोत बन सकता है, खासकर उन मौसमों में जब फसलों की मांग कम रहती है। उन्होंने यूनिवर्सिटी ऑफ द फिलीपींस लॉस बानोस के एक अध्ययन का हवाला देते हुए कहा कि वर्षा ऋतु के दौरान पीले मक्के की अतिरिक्त पैदावार का उपयोग एथेनॉल उत्पादन में किया जा सकता है।हालांकि, पशुपालन और पोल्ट्री उद्योग से जुड़े संगठनों ने इस प्रस्ताव पर चिंता जताई है। उनका कहना है कि फिलीपींस अपनी पीले मक्के की कुल आवश्यकता का केवल 62.7 प्रतिशत ही उत्पादन करता है, जबकि यही मक्का पशु आहार का प्रमुख घटक भी है।
वहीं, ऊर्जा विभाग (डीओई) का कहना है कि यदि देश में ई-20 (20 प्रतिशत बायोएथेनॉल और 80 प्रतिशत पेट्रोल) मिश्रण को लागू किया जाता है, तो मौजूदा 10 प्रतिशत मिश्रण की तुलना में पेट्रोल की कीमतों में प्रति लीटर 5 पेसो तक की कमी आ सकती है। विभाग का यह भी मानना है कि घरेलू स्तर पर उत्पादित एथेनॉल के उपयोग से आयातित जीवाश्म ईंधन पर निर्भरता घटेगी और देश की ऊर्जा सुरक्षा मजबूत होगी।


















