पिकाडिली एग्रो को दूसरी तिमाही में 23.28 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट

नई दिल्ली: पिकाडिली एग्रो इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने 30 सितंबर 2026 को समाप्त दूसरी तिमाही में 23.28 करोड़ रुपये का समेकित शुद्ध लाभ दर्ज किया है। कंपनी के नेट प्रॉफिट में पिछले वर्ष की समान तिमाही के मुकाबले 10.8 प्रतिशत की गिरावट आई है। परिचालन खर्च और वित्तीय लागत में बढ़ोतरी के कारण राजस्व में वृद्धि के बावजूद मुनाफे पर दबाव पड़ा। कंपनी के बीएसई को दिए गए प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, राजस्व में वृद्धि का प्रमुख योगदान डिस्टिलरी कारोबार का रहा। पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी ने 26.09 करोड़ रुपये का समेकित नेट प्रॉफिट दर्ज किया था। हालांकि, कंपनी का परिचालन से प्राप्त राजस्व 19.4 प्रतिशत बढ़कर 277.89 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले वर्ष की समान अवधि में 232.70 करोड़ रुपये था।

कंपनी का कुल खर्च दूसरी तिमाही में 24.9 प्रतिशत बढ़कर 248.85 करोड़ रुपये हो गया, जबकि पिछले वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में यह 199.20 करोड़ रुपये था। खर्च में सबसे बड़ी बढ़ोतरी कच्चे माल की खपत पर हुई, जो 106.63 करोड़ रुपये से बढ़कर 176.30 करोड़ रुपये हो गई। वित्तीय लागत में भी 77.8 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। यह 6.52 करोड़ रुपये से बढ़कर 11.60 करोड़ रुपये हो गई। वहीं, मूल्यह्रास और परिशोधन खर्च 6.28 करोड़ रुपये से बढ़कर 10.42 करोड़ रुपये हो गया। बिजली और ईंधन पर खर्च भी 15.84 करोड़ रुपये से बढ़कर 22.12 करोड़ रुपये पहुंच गया।

ChiniMandi WhatsApp Channel

इन बढ़े हुए खर्चों के चलते कंपनी का कर पूर्व लाभ (PBT) 14.4 प्रतिशत घटकर 30.07 करोड़ रुपये रह गया, जबकि पिछले वर्ष की समान तिमाही में यह 35.14 करोड़ रुपये था। हालांकि, कर खर्च में कमी से मुनाफे में गिरावट का कुछ असर कम हुआ। इस तिमाही में कर खर्च 6.79 करोड़ रुपये रहा, जबकि एक साल पहले यह 8.71 करोड़ रुपये था।

चीनी कारोबार पर दबाव बरकरार

कंपनी के चीनी कारोबार पर दबाव बना हुआ है। वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में इस सेगमेंट का राजस्व सालाना आधार पर 73.5 प्रतिशत घटकर 6.59 करोड़ रुपये रह गया। पिछले वर्ष की समान तिमाही में यह 24.82 करोड़ रुपये था। हालांकि, इस सेगमेंट का ब्याज और कर पूर्व नुकसान (EBIT) घटकर 2.28 करोड़ रुपये रह गया, जो वित्त वर्ष 2025-26 की दूसरी तिमाही में 3.93 करोड़ रुपये था।

डिस्टिलरी कारोबार के राजस्व में 30.5 प्रतिशत की वृद्धि

इसके विपरीत, कंपनी के डिस्टिलरी कारोबार ने बेहतर प्रदर्शन किया। दूसरी तिमाही में इस सेगमेंट का राजस्व 30.5 प्रतिशत बढ़कर 271.30 करोड़ रुपये हो गया, जबकि पिछले वर्ष की समान अवधि में यह 207.88 करोड़ रुपये था।हालांकि, डिस्टिलरी सेगमेंट का ब्याज और कर पूर्व लाभ (EBIT) घटकर 44.88 करोड़ रुपये रह गया, जो पिछले वर्ष की समान तिमाही में 49.03 करोड़ रुपये था।कंपनी के कुल राजस्व में डिस्टिलरी कारोबार की हिस्सेदारी सबसे अधिक रही, जबकि चीनी कारोबार में परिचालन घाटा जारी रहा।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here