नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगातार 12 वर्ष का कार्यकाल पूरा करने और भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले प्रधानमंत्री बनने पर जनसेवा को सुशासन की सबसे बड़ी कसौटी बताया है। बुधवार को उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक संस्कृत श्लोक साझा करते हुए कहा कि विनम्रता, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा ही जनता का विश्वास जीतने की सबसे बड़ी पूंजी है। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश में लिखा, “जनसेवा ही सुशासन की सबसे बड़ी परीक्षा है। जो व्यक्ति निरंतर विनम्रता, समर्पण और कर्तव्यपरायणता के साथ कार्य करता है, वही जनता का विश्वास अर्जित करता है।”
उन्होंने संस्कृत श्लोक का उल्लेख करते हुए कहा, “जो सदैव प्रजा की सेवा और संरक्षण के लिए समर्पित रहता है तथा विनम्र स्वभाव का होता है, वही शासक अधिक समृद्धि और सफलता प्राप्त करता है।” प्रधानमंत्री मोदी ने लगातार 4,399 दिनों तक प्रधानमंत्री पद पर बने रहकर भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया है। नेहरू ने पहले आम चुनाव के बाद लगातार 4,398 दिनों तक प्रधानमंत्री पद संभाला था।इस उपलब्धि पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के नेताओं, विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों और कई देशों के गणमान्य व्यक्तियों ने प्रधानमंत्री मोदी को बधाई दी है।
पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल को स्वतंत्रता के बाद भारत के लिए एक ऐतिहासिक दौर बताया। उन्होंने कहा कि इस अवधि में भारत ने वैश्विक मंच पर अपनी पहचान को और मजबूत किया है तथा प्रधानमंत्री ने देश को “लोकतंत्र की जननी” के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने की उपलब्धि करोड़ों भारतीयों के प्रेम, विश्वास और समर्थन का परिणाम है। उन्होंने इसे आत्मनिर्भर, समृद्ध और विकसित भारत के निर्माण का स्वर्णिम अध्याय बताया।
प्रधानमंत्री मोदी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी शुभकामनाएं मिलीं। मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने भारत की वैश्विक प्रगति में उनके योगदान की सराहना की। वहीं भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने भी प्रधानमंत्री मोदी को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनके दशकों लंबे समर्पित सार्वजनिक जीवन और नेतृत्व का प्रमाण है।


















