सुवा : टोमासी तुनाबुना ने कहा कि, खराब गुणवत्ता और बिना स्वीकृति वाली गन्ने की किस्में चीनी उत्पादन में कमी की प्रमुख वजह हैं। उन्होंने महेंद्र चौधरी द्वारा फिजी शुगर कॉरपोरेशन और मंत्रालय पर लगाए गए आरोपों का जवाब देते हुए यह बयान दिया। दरअसल, 2025 के पेराई सत्र में टन गन्ना बनाम टन चीनी (टीसीटीएस) अनुपात 13.2:1 दर्ज किया गया, जबकि पहले यह 10:1 था। इसका मतलब है कि, एक टन चीनी उत्पादन के लिए 13.2 टन गन्ने की आवश्यकता पड़ी। फिजी लेबर पार्टी ने इसे अत्यधिक बर्बादी करार दिया था। फिजी लेबर पार्टी की आधिकारिक सोशल मिडिया पोस्ट में महेंद्र चौधरी ने दावा किया कि, इस अधिक टीसीटीएस अनुपात के कारण लगभग 34 मिलियन डॉलर का नुकसान हुआ, जो किसानों को भुगतान किया जा सकता था।
पूर्व प्रधानमंत्री महेंद्र चौधरी ने आरोप लगाया कि, 2025 पेराई सत्र में फिजी शुगर कॉरपोरेशन ने 14.67 लाख टन गन्ने की पेराई कर केवल 1 लाख 11 हजार 35 टन चीनी का उत्पादन किया, जिससे टीसीटीएस अनुपात बढ़ गया। उन्होंने कहा कि, यदि 10:1 का अनुपात बनाए रखना होता तो चीनी उत्पादन करीब 1 लाख 46 हजार 718 टन होना चाहिए था। उनके अनुसार मौजूदा उत्पादन आंकड़े स्वीकार्य नहीं हैं। कृषि मंत्री टोमासी तुनाबुना ने कहा कि, तीनों चीनी मिलों में खराब गुणवत्ता और बिना अनुमोदन वाले गन्ने की आपूर्ति होने से अधिक मात्रा में गन्ने की पेराई करनी पड़ी, लेकिन चीनी उत्पादन कम हुआ। इससे किसानों की आय भी प्रभावित हुई है।
उन्होंने कहा कि, सभी तीन मिलों में गन्ने की गुणवत्ता में गिरावट का सीधा असर चीनी उत्पादन पर पड़ा है। इसके अलावा बदलते मौसम और लगातार बारिश जैसी बाहरी परिस्थितियों ने भी चीनी की रिकवरी कम कर दी। मंत्री ने विशेष रूप से लाबासा का उल्लेख करते हुए कहा कि, वहां बड़ी मात्रा में बिना स्वीकृति वाली गन्ना किस्में मिलों को भेजी जा रही हैं, जिसे तुरंत रोकना होगा। उन्होंने किसानों से आगामी सत्र में जला हुआ गन्ना या अनधिकृत किस्मों के बजाय हरा और स्वीकृत गन्ना सप्लाई करने की अपील की। उनका कहना है कि जला हुआ या गैर-स्वीकृत गन्ना मिल संचालन को प्रभावित करता है और रखरखाव लागत बढ़ा देता है। किसानों का मनोबल बढ़ाने के लिए मंत्रालय उन किसानों को प्रोत्साहन राशि भी दे रहा है, जो अपने वार्षिक उत्पादन लक्ष्य से अधिक गन्ना आपूर्ति कर रहे हैं।


















