नई दिल्ली: पश्चिम एशिया में छिड़े संघर्ष ने सरकार को नवीकरणीय ऊर्जा की ओर तेजी से बढ़ने पर मजबूर कर दिया है। इसी कड़ी में पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण को 20% से बढ़ाकर 25% करने पर विचार किया जा रहा है, हालांकि यह कदम सावधानीपूर्वक और चरणबद्ध तरीके से उठाया जाएगा।टाइम्स ऑफ़ इंडिया में प्रकाशित खबर में कहा गया है की, इस बदलाव के साथ देश में शोधन क्षमता भी बढ़ाई जाएगी ताकि व्यवस्था में एक सुरक्षा कवच बना रहे और देश ऊर्जा के मामले में अधिक आत्मनिर्भर बन सके। इस विषय से जुड़े सूत्रों का कहना है कि, रिफाइनरियों को 100% क्षमता पर लगातार चलाते रहना टिकाऊ नहीं है।
बाड़मेर रिफाइनरी ने काम शुरू कर दिया है, नुमालीगढ़ में विस्तार का काम जारी है और पश्चिमी तट पर एकीकृत रिफाइनरियों पर भी ध्यान दिया जा रहा है। महाराष्ट्र में एक बड़ी रिफाइनरी के अलावा गुजरात में भी एक नई रिफाइनरी बनाने की योजना है। अधिकारियों के अनुसार, ऊर्जा मिश्रण में नवीकरणीय ऊर्जा, जैव ईंधन और हाइड्रोजन का बढ़ता उपयोग अब केवल पर्यावरण का सवाल नहीं रहा, बल्कि यह एक रणनीतिक जरूरत बन गई है। मौजूदा हालात में पश्चिम एशिया के सैन्य संघर्ष ने वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति को बाधित कर दिया है, जिससे आपूर्ति संकट पैदा हुआ है और तेल तथा गैस की कीमतें तेजी से बढ़ी हैं।अधिकारियों के मुताबिक, 20% एथेनॉल मिश्रण से भारत हर साल 4.5 करोड़ बैरल कच्चे तेल की बचत कर पा रहा है और अब तक लगभग ₹1.5 लाख करोड़ की विदेशी मुद्रा बाहर जाने से रोकी जा चुकी है।


















