नई दिल्ली: भारत के चावल निर्यातकों को इस अक्टूबर में अंतरराष्ट्रीय कारोबार का बड़ा मंच मिलने जा रहा है। भारत इंटरनेशनल राइस कॉन्फ्रेंस (BIRC) 2026 के लिए अब तक 138 देशों के 3,317 खरीदारों ने पंजीकरण कराया है। तीन दिवसीय यह सम्मेलन 23 से 25 अक्टूबर तक नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित किया जाएगा। आयोजकों द्वारा जारी पंजीकरण आंकड़ों के अनुसार, अफ्रीका, खाड़ी देशों, दक्षिण-पूर्व एशिया और पड़ोसी देशों के बाजारों से बड़ी संख्या में खरीदार सम्मेलन में शामिल होने के लिए पंजीकृत हुए हैं। 30 अगस्त तक के आंकड़ों में बांग्लादेश सबसे आगे है, जहां से 336 खरीदारों ने पंजीकरण कराया है।
इसके बाद बेनिन से 179 और नाइजीरिया से 177 खरीदार पंजीकृत हुए हैं। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से 145, जबकि नेपाल और फिलीपींस से 137-137 खरीदार पंजीकृत हुए हैं। इथियोपिया से 127 और सऊदी अरब से 125 खरीदारों ने पंजीकरण कराया है। इंडोनेशिया और दक्षिण अफ्रीका से भी 109-109 खरीदार सम्मेलन में शामिल होने के लिए पंजीकृत हुए हैं। इसके अलावा सेनेगल, इराक, सोमालिया, गिनी, यमन, कोट डी आइवर, नाइजर, ऑस्ट्रेलिया, माली, मलेशिया, घाना, अंगोला और केन्या समेत कई अन्य स्थापित और उभरते बाजारों से भी खरीदारों ने पंजीकरण कराया है।
इंडियन राइस एक्सपोर्टर्स फेडरेशन (IREF) के उपाध्यक्ष देव गर्ग ने कहा कि, BIRC 2026 को मिल रही प्रतिक्रिया भारत में वैश्विक बाजारों की बढ़ती रुचि को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि, 138 देशों से 3,317 खरीदारों के पंजीकरण के बाद अब लक्ष्य इस अंतरराष्ट्रीय भागीदारी को नए व्यापार मार्गों, नए खरीदारों और भारतीय चावल निर्यातकों के लिए दीर्घकालिक कारोबारी संबंधों में बदलना है।
अफ्रीका से बड़ी संख्या में खरीदारों की रुचि
पंजीकरण के आंकड़ों में अफ्रीका भारतीय चावल निर्यातकों के लिए प्रमुख अवसर वाले क्षेत्रों में उभरकर सामने आया है। बेनिन, नाइजीरिया और इथियोपिया से बड़ी संख्या में खरीदारों ने रुचि दिखाई है। इसके अलावा दक्षिण अफ्रीका, सेनेगल, कोट डी आइवर, नाइजर, घाना, अंगोला और केन्या से भी खरीदार पंजीकृत हुए हैं। खाड़ी क्षेत्र भी महत्वपूर्ण बाजार और व्यापारिक केंद्र के रूप में सामने आया है। यूएई और सऊदी अरब से बड़ी संख्या में पंजीकरण हुए हैं। वहीं, दक्षिण-पूर्व एशिया में फिलीपींस, इंडोनेशिया और मलेशिया के खरीदारों ने सम्मेलन में रुचि दिखाई है।
IREF के अनुसार, प्रतिभागियों की भौगोलिक विविधता भारतीय निर्यातकों को नए ग्राहकों और नए निर्यात गंतव्यों तक पहुंच बनाने में मदद कर सकती है। इससे कुछ चुनिंदा बाजारों पर अत्यधिक निर्भरता कम करने में भी मदद मिलेगी।
BIRC 2026 पिछले सम्मेलन में शुरू की गई बाजार विविधीकरण पहल को आगे बढ़ाएगा। पिछली पहल के तहत करीब 1.8 लाख करोड़ रुपये के संभावित चावल आयात बाजारों की संभावनाओं को तलाशने का प्रयास किया गया था। इस बार बड़ी संख्या में अंतरराष्ट्रीय खरीदारों की भागीदारी से भारतीय निर्यातकों को विभिन्न देशों के खरीदारों के साथ सीधे संपर्क का व्यापक अवसर मिलने की उम्मीद है।


















