भारत में एथेनॉल के उच्च मिश्रण और विमानन ईंधन के लिए अमेरिकी मक्का को बढ़ावा देने की तैयारी

नई दिल्ली : अमेरिकी अनाज उद्योग भारत के तेजी से बढ़ते एथेनॉल क्षेत्र में अमेरिकी मक्का की आपूर्ति के अवसर तलाश रहा है। हिंदुस्तान टाइम्स में प्रकाशित खबर के अनुसार, इस पहल का मुख्य ध्यान एथेनॉल के उच्च मिश्रण और सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल (SAF) के उत्पादन पर है। इस मामले से परिचित पांच लोगों के हवाले से यह जानकारी दी गई है।इस प्रस्ताव पर 22 सितंबर को नई दिल्ली में आयोजित अमेरिका-भारत जैव ईंधन शिखर सम्मेलन में चर्चा हुई। इसका आयोजन यूएस ग्रेन्स एंड बायोप्रोडक्ट्स काउंसिल और यूएस-इंडिया स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप फोरम ने किया था।सम्मेलन में एथेनॉल मिश्रण, टिकाऊ विमानन ईंधन, एथेनॉल आधारित खाना पकाने के ईंधन और विभिन्न कच्चे माल के पर्यावरणीय प्रभाव जैसे विषयों पर चर्चा हुई। रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी उद्योग मक्का आधारित एथेनॉल को बढ़ावा देने के लिए उसके पूरे जीवन चक्र में होने वाले कार्बन उत्सर्जन पर जोर दे रहा है। इसका उद्देश्य केवल मक्का के मूल देश या उसके आनुवंशिक रूप से संशोधित (GM) होने की स्थिति पर ध्यान केंद्रित करने के बजाय उसके पर्यावरणीय प्रभाव का आकलन करना है।

E20 के बाद E85 पर नजर

ChiniMandi WhatsApp Channel

प्रस्तावों में से एक के तहत भारत के मौजूदा 20% एथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम (E20) के लिए घरेलू स्तर पर उत्पादित कच्चे माल का इस्तेमाल जारी रखने और उच्च मिश्रण वाले ईंधन के लिए अमेरिकी मक्का के आयात की संभावनाएं तलाशने की बात कही गई है। इसमें विशेष रूप से फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों में इस्तेमाल होने वाले E85 ईंधन पर ध्यान दिया जा रहा है। बताया गया है कि, यूएस ग्रेन्स एंड बायोप्रोडक्ट्स काउंसिल ने मक्का आधारित एथेनॉल का जीवन चक्र मूल्यांकन (Life Cycle Assessment) करने के लिए भारतीय पेट्रोलियम संस्थान (IIP) को नियुक्त किया है। यह अध्ययन अभी जारी नहीं हुआ है। इससे विभिन्न एथेनॉल स्रोतों से जुड़े ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन की तुलना किए जाने की उम्मीद है। भारत ने वर्ष 2030 की मूल समयसीमा से पहले ही E20 मिश्रण का लक्ष्य हासिल कर लिया है। हालांकि, सरकार संकेत दे चुकी है कि E20 से आगे देशव्यापी स्तर पर एथेनॉल मिश्रण बढ़ाने के लिए अतिरिक्त वैज्ञानिक और तकनीकी आकलन जरूरी होंगे।

अमेरिकी मक्का के आयात में चुनौतियां

अमेरिकी उद्योग की दिलचस्पी के बावजूद, भारत में अमेरिकी मक्का का आयात एक संवेदनशील मुद्दा बना हुआ है। भारत घरेलू किसानों के हितों की सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता बनाए हुए है और मक्का सहित कुछ अमेरिकी कृषि उत्पादों के लिए अपने बाजार को खोलने से बचता रहा है। आनुवंशिक रूप से संशोधित कृषि उत्पादों पर लागू प्रतिबंध भी आयात की राह में बाधा बन सकते हैं। रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी उद्योग को भारत के ऑटोमोबाइल क्षेत्र में संभावित मांग दिखाई दे रही है। खास तौर पर वे वाहन निर्माता महत्वपूर्ण हैं, जो फ्लेक्स-फ्यूल वाहन विकसित कर रहे है। प्रतिस्पर्धी कीमतों पर E85 ईंधन की व्यापक उपलब्धता से ऐसे वाहनों को अपनाने में मदद मिल सकती है।रिपोर्ट में उद्धृत उद्योग के अनुमानों के मुताबिक, आयातित अमेरिकी मक्का से उत्पादित एथेनॉल के कारण E85 की कीमत घटकर लगभग ₹60 से ₹65 प्रति लीटर तक आ सकती है। इससे इस ईंधन की प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ने की संभावना जताई गई है।

विमानन क्षेत्र में भी निवेश की संभावनाएं

सड़क परिवहन के अलावा, अमेरिकी कंपनियां भारत के सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल (SAF) क्षेत्र में भी निवेश के अवसर तलाश रही हैं। इसमें विशेष रूप से अल्कोहल-टू-जेट (ATJ) तकनीक पर ध्यान दिया जा रहा है, जिसके जरिए एथेनॉल को विमानन ईंधन में बदला जा सकता है। भारत में पहले से मौजूद एथेनॉल डिस्टिलरी और उत्पादन संबंधी बुनियादी ढांचा SAF के निर्माण के लिए आधार उपलब्ध करा सकता है। हालांकि, इसके लिए नई तकनीक में निवेश, जरूरी प्रमाणन और लंबे समय तक मांग सुनिश्चित करने वाली व्यवस्थाओं की आवश्यकता होगी। रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी अनाज उद्योग की रणनीति दीर्घकालिक अवसरों पर केंद्रित है। उद्योग का अनुमान है कि भविष्य में भारत की एथेनॉल की जरूरत घरेलू स्तर पर उपलब्ध कच्चे माल की आपूर्ति क्षमता से अधिक हो सकती है। इसी संभावना को देखते हुए अमेरिकी उद्योग भारत के एथेनॉल और टिकाऊ विमानन ईंधन बाजार में अपनी भूमिका बढ़ाने के अवसर तलाश रहा है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here