कोलंबो : श्रीलंका की सरकारी स्वामित्व वाली सेवनगाला चीनी उत्पादन इकाई में पिछले पांच वर्षों के दौरान चीनी उत्पादन लगभग आधा रह गया है। उद्योग एवं उद्यमिता विकास मंत्रालय की ओर से संसद में दी गई जानकारी के अनुसार, इस इकाई का उत्पादन वर्ष 2020 में 16,215 मीट्रिक टन (MT) था, जो 2025 में घटकर 8,091 मीट्रिक टन रह गया। 4 नवंबर को विपक्षी सांसद एच. एम. धर्मसेना की ओर से पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए मुख्य सरकारी सचेतक डॉ. नलिंदा जयतिस्सा ने बताया कि, मोनारागला जिले में सरकार के स्वामित्व वाली चीनी की दो उत्पादन इकाइयां हैं—सेवनगाला और पेलवट्टा। इन दोनों का संचालन लंका शुगर कंपनी (प्राइवेट) लिमिटेड करती है।
सेवनगाला इकाई ने छह वर्षों की अवधि में सबसे अधिक उत्पादन 2021 में दर्ज किया था, जब यहां 17,796 मीट्रिक टन चीनी का उत्पादन हुआ। इसके बाद 2022 में उत्पादन घटकर 12,628 मीट्रिक टन रह गया। वर्ष 2023 में इसमें सुधार हुआ और उत्पादन 13,704 मीट्रिक टन तक पहुंच गया। हालांकि, इसके बाद फिर गिरावट दर्ज की गई। वर्ष 2024 में उत्पादन 11,930 मीट्रिक टन और 2025 में केवल 8,091 मीट्रिक टन रहा।
वहीं, पेलवट्टा इकाई का उत्पादन सेवनगाला की तुलना में काफी अधिक रहा। पेलवट्टा में 2020 में 23,582 मीट्रिक टन चीनी का उत्पादन हुआ था, जो 2021 में बढ़कर 30,381 मीट्रिक टन हो गया। वर्ष 2022 में उत्पादन घटकर 24,110 मीट्रिक टन रहा। इसके बाद 2023 में उत्पादन बढ़कर 28,077 मीट्रिक टन पहुंच गया। वर्ष 2024 में यहां 27,791 मीट्रिक टन और 2025 में 27,361 मीट्रिक टन चीनी का उत्पादन हुआ। आंकड़ों में दोनों इकाइयों को गन्ना आपूर्ति करने वाले किसानों की संख्या में भी बड़ा अंतर सामने आया है। पेलवट्टा इकाई को 4,955 किसान गन्ने की आपूर्ति करते हैं, जबकि सेवनगाला इकाई को केवल 39 किसान गन्ना उपलब्ध कराते हैं।
इस बीच, धर्मसेना ने लंका शुगर कंपनी के परिसर में सरकारी खर्च से स्थापित जैव उर्वरक निर्माण प्लांट के अब तक चालू नहीं होने पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि, प्लांट का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, लेकिन वहां उत्पादन शुरू नहीं हुआ है। इसके बजाय इस सुविधा का इस्तेमाल चीनी के भंडारण के लिए किया जा रहा है। इस प्लांट का उद्देश्य एथेनॉल उत्पादन के दौरान डिस्टिलरी से निकलने वाले अपशिष्ट जल का इस्तेमाल करके उर्वरक तैयार करना था। धर्मसेना के अनुसार, एक डिस्टिलरी से प्रतिदिन 3.5 लाख लीटर से अधिक अपशिष्ट जल निकलता है। वहीं, प्रत्येक एक लीटर अल्कोहल के उत्पादन पर 13 लीटर से अधिक अपशिष्ट जल उत्पन्न होता है।


















