नई दिल्ली : पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण (E20) को लेकर जारी बहस के बीच पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि मौजूदा वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों के आधार पर E20 पेट्रोल का उत्पादन शुद्ध पेट्रोल की तुलना में अधिक महंगा पड़ता है। ‘टाइम्स ऑफ़ इंडिया’ में प्रकाशित खबर के अनुसार, मंत्रालय का कहना है कि एथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम ने अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव का असर भारतीय उपभोक्ताओं पर कम किया है और देश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत बनाया है। मंत्रालय की यह सफाई ऐसे समय आई है, जब हाल ही में सोशल मीडिया पर E20 ईंधन से वाहन के इंजन को नुकसान, माइलेज में भारी कमी और सरकार द्वारा 20 प्रतिशत से अधिक एथेनॉल मिश्रण लागू करने जैसी कई भ्रामक बातें वायरल हो रही थीं।
कच्चे तेल की कीमत पर निर्भर है E20 की लागत…
खबर में कहा गया है की,एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल (ईबीपी) कार्यक्रम पर जारी ‘अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न’ (FAQ) में मंत्रालय ने कहा कि एथेनॉल की लागत वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों पर निर्भर करती है। सरकार के अनुसार, मक्का आधारित एथेनॉल की खरीद कीमत वर्तमान में लगभग 71.86 रुपये प्रति लीटर है। इसमें जीएसटी, परिवहन, भंडारण और डिपो हैंडलिंग जैसे अतिरिक्त खर्च शामिल नहीं हैं। ऐसे में यदि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत लगभग 70 डॉलर प्रति बैरल रहती है, तो E20 पेट्रोल का उत्पादन शुद्ध पेट्रोल से महंगा पड़ता है। हालांकि, यदि कच्चे तेल की कीमत 120 से 130 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच जाती है, तो एथेनॉल अपेक्षाकृत अधिक किफायती विकल्प बन जाता है।
एथेनॉल मिश्रण से कम हुई आयात पर निर्भरता…
मंत्रालय ने कहा कि वर्तमान में भारत में बिकने वाले प्रत्येक लीटर पेट्रोल में लगभग 20 प्रतिशत एथेनॉल घरेलू स्तर पर तैयार किया जाता है। इससे कच्चे तेल के आयात पर निर्भरता कम हुई है और अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतों में होने वाले उतार-चढ़ाव का असर भी सीमित हुआ है। सरकार का मानना है कि भविष्य में एथेनॉल मिश्रण बढ़ने से ऊर्जा सुरक्षा मजबूत होगी, विदेशी मुद्रा की बचत होगी, ईंधन की कीमतों में स्थिरता आएगी और किसानों की आय में वृद्धि होगी।
एथेनॉल कार्यक्रम से हुए बड़े आर्थिक लाभ…
पेट्रोलियम मंत्रालय के अनुसार, एथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम से अब तक देश को 1.97 लाख करोड़ रुपये से अधिक की विदेशी मुद्रा की बचत हुई है। इसके अलावा करीब 316 लाख मीट्रिक टन कच्चे तेल के आयात की जरूरत कम हुई है।मंत्रालय ने बताया कि इस कार्यक्रम से लगभग 952 लाख मीट्रिक टन कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन में कमी आई है और 1.66 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे किसानों तक पहुंचाई गई है, जिससे कृषि क्षेत्र को भी लाभ मिला है।सरकार ने बताया कि E20 कार्यक्रम को एक दिन में लागू नहीं किया गया। इसे लागू करने से पहले दो दशकों तक चरणबद्ध तरीके से काम किया गया। इस दौरान वाहन निर्माता कंपनियों, तेल विपणन कंपनियों, परीक्षण एजेंसियों और अन्य संबंधित पक्षों से व्यापक चर्चा और परीक्षण किए गए।
इंजन खराब होने के दावों को सरकार ने बताया भ्रामक…
हाल ही में केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने भी E20 को लेकर सोशल मीडिया पर चल रहे दावों को भ्रामक बताया था। उन्होंने कहा था कि E20 अनुकूल (कंपैटिबल) वाहनों के इंजन को नुकसान पहुंचने का कोई वैज्ञानिक प्रमाण नहीं मिला है। मंत्रालय ने भी स्पष्ट किया कि ऑटोमोटिव रिसर्च एसोसिएशन ऑफ इंडिया (ARAI), इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOC) और सोसायटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (SIAM) द्वारा किए गए अध्ययनों में E20 अनुकूल वाहनों के इंजन की कार्यक्षमता या टिकाऊपन पर कोई गंभीर प्रतिकूल प्रभाव नहीं पाया गया है। हालांकि, कुछ पुराने और E20 के अनुरूप नहीं बने वाहनों में ईंधन दक्षता में मामूली कमी आ सकती है।सरकार ने यह भी साफ किया कि, E25 जैसे अधिक एथेनॉल मिश्रण वाले ईंधन पर फिलहाल कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। इस संबंध में परीक्षण जारी हैं और सभी पक्षों से विचार-विमर्श के बाद ही आगे का फैसला किया जाएगा।

















