पुणे : बारामती तालुका स्थित श्री सोमेश्वर सहकारी चीनी मिल के पंचवर्षीय चुनाव में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी चुनाव मैदान में उतरेगी, ऐसी घोषणा युवा नेता युगेंद्र पवार ने सोमवार को की। इस दौरान उन्होंने पार्टी के पैनल का नाम भी घोषित किया। उन्होंने कहा, ‘शेतकरी पैनल’ के माध्यम से चुनाव लड़ा जाएगा और इच्छुक उम्मीदवारों के साक्षात्कार बुधवार से लिए जाएंगे। बारामती स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित पत्रकार परिषद में युगेंद्र पवार ने पार्टी की भूमिका स्पष्ट की। उन्होंने कहा, दो सप्ताह पहले निंबूत में पार्टी का सम्मेलन आयोजित कर सदस्यों और कार्यकर्ताओं की राय जानी गई। इसके बाद पुरंदर, बारामती, खंडाला और फलटण तालुकों में गांव-गांव जाकर सदस्यों से संवाद किया गया। इस संवाद के बाद चुनाव लड़ने को लेकर सकारात्मक रुख सामने आया।’
‘अजितदादा का नेतृत्व सभी को स्वीकार था’
युगेंद्र पवार ने कहा की, अजितदादा पवार के नेतृत्व के समय की स्थिति अलग थी, दादा का नेतृत्व सभी को स्वीकार था। उन्होंने मुश्किल दौर से गुजर रही सोमेश्वर चीनी मिल को संकट से बाहर निकाला था। सोमेश्वर, माळेगांव और छत्रपति चीनी मिलों के कामकाज पर उनका बारीकी से ध्यान रहता था। पूर्व केन्द्रीय कृषि मंत्री शरद पवार के बाद अजितदादा को चीनी मिलों के कामकाज का गहरा अनुभव था। वे संचालकों को आवश्यक निर्देश देते हुए मिल के कामकाज पर नजर रखते थे। युगेंद्र ने कहा, चीनी मिल का चुनाव निर्विरोध कराने को लेकर अभी तक सामने से कोई प्रस्ताव नहीं आया है। हालांकि, ऐसा कोई प्रस्ताव आने पर शरद पवार के साथ चर्चा की जाएगी और इस संबंध में उनका निर्णय अंतिम होगा।
नए चेहरों को मिलेगा मौका
युगेंद्र पवार ने कहा, चीनी मिल में कई वर्षों से वही चेहरे बने हुए हैं। नए और युवा चेहरों को मौका नहीं मिला है। इसलिए स्वच्छ छवि वाले और पारदर्शी कामकाज को प्राथमिकता देने वाले नए चेहरों को अवसर दिया जाएगा। गन्ना उत्पादकों को बेहतर भाव मिलना चाहिए, चीनी की गुणवत्ता में सुधार होना चाहिए, तय शेड्यूल के अनुसार गन्ने की कटाई होनी चाहिए, कर्मचारियों की भर्ती योग्यता और मेरिट के आधार पर होनी चाहिए तथा चीनी मिल का कामकाज पारदर्शी होना चाहिए—इन प्रमुख मुद्दों को लेकर सभासदों के बीच जाने की बात युगेंद्र पवार ने कही। युगेंद्र पवार ने स्पष्ट किया की, कामगारों के हितों को ध्यान में रखते हुए ही ‘शेतकरी पैनल’ का गठन किया जाएगा। इसके चलते सोमेश्वर चीनी मिल के चुनाव में एक बार फिर ‘पवार बनाम पवार’ का मुकाबला देखने को मिलने की संभावना बढ़ गई है।


















