अमृतसर: पंजाब में जारी भीषण गर्मी और लू की स्थिति को देखते हुए कृषि एवं किसान कल्याण विभाग ने गन्ना किसानों के लिए फसल सुरक्षा संबंधी एडवाइजरी जारी की है। विभाग ने किसानों से सावधानी बरतने और फसल को गर्मी से बचाने के लिए जरूरी उपाय अपनाने की अपील की है।गन्ना आयुक्त और गन्ना अनुसंधान एवं विकास बोर्ड द्वारा जारी एडवाइजरी में किसानों को गन्ने के खेतों में नियमित सिंचाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों के अनुसार अत्यधिक गर्म मौसम में नमी की कमी से फसल को बचाने के लिए हर 10 से 15 दिन के अंतराल पर सिंचाई करनी जरूरी है।
विभाग ने किसानों को यह सलाह भी दी है कि, यूरिया उर्वरक का इस्तेमाल सिंचाई के बाद ही करें, ताकि अधिक तापमान के कारण फसल को नुकसान न पहुंचे।विशेषज्ञों का कहना है कि, गर्मी के मौसम में फसल की अच्छी बढ़वार बनाए रखने के लिए समय पर सिंचाई और संतुलित मात्रा में उर्वरक का उपयोग बेहद आवश्यक है।किसानों को यह भी सलाह दी गई है कि, तेज गर्मी के दौरान खेतों में गुड़ाई या गहरी जुताई न करें, क्योंकि इससे जड़ों पर असर पड़ सकता है और मिट्टी की नमी कम हो सकती है। एडवाइजरी में हीटवेव के दौरान फसल के आसपास कम से कम छेड़छाड़ करने की सिफारिश की गई है।अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि, अत्यधिक तापमान के दौरान फसल प्रबंधन में लापरवाही बरतने से गन्ना उत्पादन में भारी नुकसान हो सकता है। किसानों से सतर्क रहने और विभाग द्वारा सुझाए गए उपायों का पालन करने की अपील की गई है, ताकि फसल सुरक्षित रह सके।















