जालंधर: भारतीय किसान यूनियन (दोआबा) ने चेतावनी दी है कि, यदि पंजाब सरकार ने लंबित गन्ना भुगतान नहीं किया और किसानों से किए गए वादों को लागू नहीं किया, तो 20 अगस्त से पूरे राज्य में आंदोलन शुरू किया जाएगा। जालंधर स्थित पंजाब प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में बीकेयू (दोआबा) के अध्यक्ष मनजीत सिंह राय ने आरोप लगाया कि कृषि मंत्री की मौजूदगी में किसानों के साथ हुए समझौते के बावजूद राज्य सरकार ने अपनी प्रतिबद्धताओं को पूरा नहीं किया।
2021-22 का 27.84 करोड़ रुपये बकाया
राय ने बताया कि, 2021-22 पेराई सत्र का लगभग 27.84 करोड़ रुपये का गन्ना भुगतान अभी भी किसानों को नहीं मिला है। इसके अलावा, 2025-26 पेराई सत्र के लिए प्रति क्विंटल 68.50 रुपये का भुगतान भी लंबित है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि फगवाड़ा चीनी मिल ने किसानों के भुगतान से प्रति क्विंटल 41.60 रुपये की कटौती की है, जिसका भुगतान भी किसानों को नहीं किया गया।
सहकारी चीनी मिलों पर गंभीर आरोप
मनजीत सिंह राय ने आरोप लगाया कि, सहकारी चीनी मिलों में गन्ना भुगतान बकाया लगातार बढ़ता जा रहा है, जबकि सरकार ने इस समस्या के समाधान के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया है।उन्होंने कहा कि किसान संगठन आंदोलन शुरू करने से पहले सरकार को एक अंतिम अवसर देगा।
10 अगस्त को ज्ञापन, 20 अगस्त को किसान रैली
बीकेयू (दोआबा) ने घोषणा की कि, 10 अगस्त को एक प्रतिनिधिमंडल कपूरथला के उपायुक्त को ज्ञापन और चेतावनी पत्र सौंपेगा।यदि इसके बाद भी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो 20 अगस्त को फगवाड़ा अनाज मंडी में विशाल किसान रैली आयोजित की जाएगी। इस रैली में आंदोलन की आगे की रणनीति तय की जाएगी, जिसमें सड़क जाम और अन्य विरोध कार्यक्रम भी शामिल हो सकते हैं।
राय ने कहा कि, यदि आंदोलन तेज होता है और आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी पंजाब सरकार की होगी। उन्होंने कहा कि किसानों को अपने ही बकाया भुगतान के लिए बार-बार सड़कों पर उतरने को मजबूर किया जा रहा है और सरकार की देरी ने किसानों में गहरा आक्रोश पैदा कर दिया है।


















