नई दिल्ली: कच्ची चीनी के वायदा भाव 17 महीने के उच्चतम स्तर से तेजी से नीचे आ गए। न्यूयॉर्क बाजार में कीमतों में 4.8 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई, जो मई के बाद एक दिन में सबसे बड़ी गिरावट है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, सरकार की ओर से घरेलू आपूर्ति बढ़ाने के लिए उठाए गए कदमों के बाद भारत को बड़ी मात्रा में चीनी आयात करने की जरूरत पड़ने की आशंका कम हुई है।
इससे पहले पिछले महीने चीनी की कीमतों में 21 प्रतिशत से अधिक की तेजी आई थी। भारत में आपूर्ति की कमी और आगामी सीजन में वैश्विक स्तर पर चीनी की कमी की आशंका के कारण बाजार में तेजी बनी हुई थी। भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा चीनी उत्पादक देश है। चीनी बाजार में तेजी को भारत के उस फैसले से भी समर्थन मिला था, जिसके तहत 10 लाख टन तक कच्ची चीनी के शुल्क-मुक्त आयात की अनुमति दी गई थी। हालांकि, घरेलू बाजार में कीमतों में नरमी आने के बाद अब विदेशों से चीनी खरीद की संभावनाओं को लेकर बाजार की उम्मीदें कमजोर हुई हैं। राबोबैंक ने अपनी एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी।
सरकार के स्टॉक लिमिट कदम से बढ़ी घरेलू उपलब्धता
भारत सरकार ने इस सप्ताह चीनी कारोबारियों द्वारा रखे जा सकने वाले चीनी के स्टॉक की मात्रा पर भी और सख्ती की है। इस कदम का उद्देश्य जमाखोरी पर अंकुश लगाना और घरेलू बाजार में चीनी की उपलब्धता बढ़ाना है।MEIR Commodities India Ltd के प्रबंध निदेशक राहिल शेख के अनुसार, इन उपायों के चलते बाजार में अधिक मात्रा में पुराना स्टॉक उपलब्ध हुआ है। उनका अनुमान है कि, भारत 5 लाख से 6 लाख टन चीनी का आयात कर सकता है।शेख ने कहा कि, सरकार द्वारा स्टॉक सीमा लागू किए जाने से आपूर्ति श्रृंखला में मौजूद चीनी का स्टॉक बाजार में आने के कारण भारत में कीमतों में नरमी आई है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि देश में अभी भी आपूर्ति की गंभीर कमी बनी हुई है।
तकनीकी संकेतकों ने भी कीमतों पर दबाव बढ़ाया
चीनी की हालिया तेजी के दौरान इसका 14-दिवसीय रिलेटिव स्ट्रेंथ इंडेक्स (RSI) 70 के स्तर से ऊपर चला गया था। तकनीकी विश्लेषण में 70 से ऊपर का स्तर इस बात का संकेत माना जाता है कि कीमतें बहुत तेजी से बढ़ चुकी हैं और बाजार में सुधार की संभावना बढ़ सकती है।वहीं, कीमतों में तेजी को बढ़ावा देने वाली शॉर्ट-कवरिंग भी अब कमजोर पड़ रही है। इसके कारण चीनी की कीमतों पर बिकवाली का दबाव बढ़ने की संभावना बनी हुई है।
ब्राजील में चीनी उत्पादन को मिल सकता है बढ़ावा
दूसरी ओर, दुनिया के सबसे बड़े चीनी उत्पादक ब्राजील में चीनी का उत्पादन एथेनॉल की तुलना में अधिक लाभदायक हो गया है। इस स्थिति से ब्राजील की चीनी मिलों को गन्ने का अधिक हिस्सा एथेनॉल के बजाय चीनी उत्पादन में इस्तेमाल करने के लिए प्रोत्साहन मिल सकता है। इससे वैश्विक बाजार में चीनी की आपूर्ति पर भी असर पड़ सकता है।
वैश्विक स्तर पर चीनी की कमी की आशंका बरकरार
हालांकि, चीनी की कीमतों में हालिया गिरावट के बावजूद वैश्विक बाजार में बड़ी कमी की आशंका अभी भी बनी हुई है।अल नीनो मौसम पैटर्न से एशिया के प्रमुख चीनी उत्पादक क्षेत्रों में उत्पादन प्रभावित होने का खतरा है। वहीं, यूरोप में सूखे की स्थिति के कारण चीनी उत्पादन पर दबाव बना हुआ है।इसलिए भारत में आयात संबंधी चिंताएं कम होने और कीमतों में सुधार के बावजूद, वैश्विक चीनी बाजार की आपूर्ति स्थिति अभी भी चुनौतीपूर्ण बनी हुई है।


















