मुंबई: प्रतिकूल मौसम, गन्ने के उत्पादन में कमी और बढ़ती उत्पादन लागत के कारण महाराष्ट्र का सहकारी चीनी उद्योग आर्थिक संकट से जूझ रहा है। इस पृष्ठभूमि में आगामी गन्ना पेराई सत्र से पहले चीनी मिलों को आर्थिक राहत देने के लिए राज्य सरकार ने करीब 4 हजार करोड़ रुपये ‘सॉफ्ट लोन’ देने की तैयारी दिखाई है। सहकारिता विभाग ने इस संबंध में प्रस्ताव तैयार कर अंतिम मंजूरी के लिए वित्त विभाग को भेज दिया है।इस संबंध में ‘सकाळ’ने रिपोर्ट प्रकाशित की है।
केंद्र सरकार से अपेक्षित मदद नहीं मिलने के कारण राज्य सरकार ने इस मामले में पहल की है। मौसम में बदलाव और बढ़ते तापमान का असर इस साल गन्ने के उत्पादन पर पड़ा है। बताया जा रहा है कि, गन्ने के उत्पादन में करीब 12 से 15 प्रतिशत की गिरावट आई है। इसके अलावा, बढ़ती गर्मी के कारण इस वर्ष गन्ना पेराई सत्र केवल 80 से 90 दिनों में समाप्त हो गया। इस स्थिति से चीनी उद्योग को करीब 3,300 करोड़ रुपये का आर्थिक नुकसान होने का दावा किया गया है।इसके साथ ही केंद्र सरकार की नीति के तहत अनाज से बनने वाले इथेनॉल को 70 प्रतिशत कोटा दिए जाने से भी चीनी मिलों के राजस्व पर असर पड़ने की बात कही जा रही है।
आर्थिक संकट से निकलने के लिए चीनी मिल संचालकों ने चीनी का न्यूनतम बिक्री मूल्य (MSP) बढ़ाने और मिलों के कर्ज का पुनर्गठन करने की मांग की थी। हालांकि, इन मांगों पर केंद्र सरकार की ओर से तीन महीने बीतने के बाद भी कोई निर्णय नहीं लिया गया। इसके बाद राज्य सरकार ने रियायती दर पर कर्ज उपलब्ध कराने का विकल्प आगे बढ़ाया है।सहकारिता विभाग के प्रस्ताव के अनुसार, संबंधित चीनी मिलों की बैलेंस शीट, आर्थिक स्थिति और प्रदर्शन की जांच करने के बाद सॉफ्ट लोन का वितरण किया जाएगा।
इस कर्ज पर करीब 600 करोड़ रुपये का ब्याज चुकाना पड़ने की संभावना है। सूत्रों के अनुसार, इस ब्याज का भार राज्य सरकार द्वारा उठाए जाने की संभावना है। इस फैसले से आर्थिक संकट का सामना कर रही महाराष्ट्र की सहकारी चीनी मिलों को आगामी गन्ना पेराई सत्र से पहले कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।


















