एल नीनो और एथेनॉल नीति के चलते भारत से अगले तीन वर्षों तक चीनी निर्यात पर बने रह सकते हैं प्रतिबंध

मुंबई: भारत में घटते चीनी उत्पादन, बढ़ती घरेलू खपत और एथेनॉल उत्पादन की बढ़ती मांग के कारण आने वाले कम से कम तीन वर्षों तक चीनी निर्यात शुरू होने की संभावना बेहद कम दिखाई दे रही है। चीनी उद्योग से जुड़े विशेषज्ञों का मानना है कि, उत्पादन और मांग के बीच बढ़ता अंतर देश की निर्यात क्षमता को प्रभावित कर सकता है। शुरुआती अनुमान के अनुसार, चालू पेराई सत्र में देश का चीनी उत्पादन 30.95 मिलियन टन रहने की उम्मीद थी, लेकिन अब इसके घटकर लगभग 27.9 मिलियन टन तक सीमित रहने की संभावना जताई जा रही है। वहीं देश में वार्षिक चीनी खपत करीब 28.5 मिलियन टन है, जिससे उत्पादन और मांग के बीच असंतुलन की स्थिति बन सकती है।

उद्योग सूत्रों के अनुसार, नए चीनी सत्र की शुरुआत 1 अक्टूबर से होने पर चीनी मिलों के पास केवल 3.5 मिलियन टन का शुरुआती भंडार बचने का अनुमान है। यह पिछले तीन दशकों में सबसे निचले स्तर के भंडारों में से एक हो सकता है।दूसरी ओर, देश में एथेनॉल की मांग लगातार बढ़ रही है। वर्तमान में भारत में एथेनॉल की वार्षिक मांग 12 से 13 अरब लीटर के बीच है, जो वर्ष 2039-40 तक बढ़कर 30 अरब लीटर तक पहुंच सकती है। विशेषज्ञों का मानना है कि ऊर्जा सुरक्षा और हरित ईंधन को बढ़ावा देने वाली सरकारी नीतियों के चलते एथेनॉल की मांग और तेज़ी से बढ़ सकती है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

इसी कारण दुनिया के प्रमुख चीनी निर्यातकों में शामिल रहा भारत अब निर्यात के लिए पर्याप्त अतिरिक्त चीनी उपलब्ध कराने की स्थिति में नहीं रह सकता। इसका असर एशिया, अफ्रीका और मध्य-पूर्व के उन देशों पर पड़ सकता है जो भारतीय चीनी पर निर्भर हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि इससे अंतरराष्ट्रीय बाजार में चीनी की कीमतों में बढ़ोतरी हो सकती है।उद्योग जगत ने यह भी आशंका जताई है कि, यदि उत्पादन में और गिरावट आती है, तो आने वाले वर्षों में भारत को चीनी आयात करने की आवश्यकता भी पड़ सकती है।

गन्ना उत्पादन को लेकर भी चिंताएं बढ़ रही हैं। जून महीने में देशभर में सामान्य से 40 प्रतिशत से अधिक वर्षा की कमी दर्ज की गई है, जिसके चलते कई किसानों ने गन्ने की बुवाई टाल दी है। कई क्षेत्रों में किसान गन्ने के बजाय कम पानी वाली फसलों, विशेष रूप से सोयाबीन, की ओर रुख कर रहे हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, गन्ने के पौधों की मांग में भी उल्लेखनीय कमी देखी जा रही है। यदि किसानों का झुकाव कम पानी वाली फसलों की ओर बढ़ता है, तो वर्ष 2027-28 के पेराई सत्र तक गन्ना क्षेत्रफल और उपलब्धता दोनों में गिरावट आ सकती है।

राष्ट्रीय सहकारी चीनी मिल महासंघ के प्रबंध निदेशक प्रकाश नाईकनवरे का कहना है कि गन्ना क्षेत्र में कमी भविष्य में चीनी उत्पादन को और प्रभावित कर सकती है। वहीं नैचरल शुगर के प्रबंध निदेशक बी. बी. ठोंबरे के अनुसार, आने वाले वर्षों में सरकार की प्राथमिकता चीनी निर्यात की बजाय एथेनॉल उत्पादन को बढ़ावा देने पर अधिक केंद्रित रह सकती है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here