कमोडिटी महंगाई का दायरा बढ़ा, FMCG कंपनियों के लिए चीनी बनी लागत दबाव का प्रमुख कारण: रिपोर्ट

नई दिल्ली : चीनी, कॉफी, कोको और कई अन्य प्रमुख कच्चे माल की बढ़ती कीमतों से आने वाली तिमाहियों में FMCG कंपनियों पर लागत का दबाव फिर बढ़ सकता है। Equirus Securities की एक रिपोर्ट के अनुसार, कच्चे माल की कम कीमतों से मिलने वाली पहले की व्यापक राहत अब सीमित होती जा रही है। ब्रोकरेज फर्म ने कहा कि, वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में कच्चे माल की कीमतों का माहौल आसान होने के बजाय “रुख बदलने” वाला रहा। कच्चे तेल से जुड़े इनपुट की कीमतों में गिरावट की भरपाई कई अन्य कमोडिटी में दोबारा बढ़ी महंगाई से हो रही है।रिपोर्ट के मुताबिक, कच्चे माल की लागत से मिलने वाला फायदा अब व्यापक नहीं रह गया है और आगे कंपनियों के मार्जिन पर अलग-अलग कमोडिटी की कीमतों की दिशा का अधिक असर पड़ेगा।

चीनी की कीमतों में 19% की बढ़ोतरी

ChiniMandi WhatsApp Channel

कृषि जिंसों में चीनी सबसे प्रमुख दबाव वाले इनपुट के रूप में उभरी है। इसकी कीमतों में सालाना आधार पर 19% और तिमाही आधार पर 20% की बढ़ोतरी हुई है।रिपोर्ट के अनुसार, चीनी की बढ़ती कीमतों का सीधा असर बिस्कुट, कन्फेक्शनरी, माल्टेड पेय और कार्बोनेटेड सॉफ्ट ड्रिंक बनाने वाली कंपनियों पर पड़ सकता है।अनाज से जुड़े कच्चे माल की स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर रही। गेहूं की कीमतें सालाना आधार पर 2% और चावल की कीमतें 5% बढ़ीं। वहीं, मक्का की कीमतों में सालाना आधार पर 11% की गिरावट आई, हालांकि तिमाही आधार पर इसमें 4% की बढ़ोतरी हुई।

कॉफी और कोको की कीमतों से भी दबाव

रिपोर्ट में कहा गया कि, पेय पदार्थों में इस्तेमाल होने वाले कच्चे माल की कीमतों में गिरावट का दौर अब समाप्त हो गया है। अरेबिका कॉफी की कीमत तिमाही आधार पर 19% बढ़ी, जबकि सालाना आधार पर इसमें लगभग कोई बदलाव नहीं हुआ। रोबस्टा कॉफी सालाना आधार पर 5% सस्ती रही, लेकिन तिमाही आधार पर इसकी कीमत 11% बढ़ी।कोको की कीमतें सालाना आधार पर अभी भी 28% कम हैं, लेकिन तिमाही आधार पर इनमें तेज 48% उछाल आया है। इससे चॉकलेट और माल्टेड-बेवरेज कंपनियों को पहले मिली लागत राहत का एक हिस्सा खत्म हो गया है। चाय की कीमतों में भी सालाना आधार पर 10% वृद्धि दर्ज की गई।

खाद्य तेल भी बना लागत दबाव

खाद्य तेलों की कीमतें भी FMCG कंपनियों के लिए चिंता का विषय बनी हुई हैं। पाम ऑयल की कीमत सालाना आधार पर 21%, सरसों तेल की 8%, सोया तेल की 9%, सूरजमुखी तेल की 14% और मूंगफली तेल की कीमत 10% बढ़ी।कोपरा की कीमत सालाना आधार पर 34% कम रही, लेकिन त्योहारों के दौरान मांग बढ़ने से तिमाही आधार पर इसमें 6% की वृद्धि हुई।

सोयामील और फिशमील की कीमतों में तेज उछाल

अन्य कच्चे माल में सोयामील की कीमत 70% और फिशमील की कीमत 32% सालाना आधार पर बढ़ी। दूध की कीमतों में सालाना 3% और तिमाही आधार पर 5% की बढ़ोतरी हुई। रिपोर्ट के अनुसार, पशु चारे की बढ़ती लागत निकट अवधि में दूध की खरीद लागत को ऊंचा बनाए रख सकती है। हालांकि, साल की दूसरी छमाही में कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

कच्चे तेल से कुछ राहत, घरेलू पॉलिमर महंगे

कच्चे तेल और कुछ आयातित पैकेजिंग सामग्री की कीमतों में तिमाही आधार पर कुछ राहत मिली। कच्चे तेल की कीमत 10% और हाई-डेंसिटी पॉलीएथिलीन (HDPE) की कीमत 18% कम हुई।हालांकि, घरेलू पॉलिमर की कीमतों में बढ़ोतरी हुई। वहीं मेंथॉल की कीमत सालाना आधार पर 33% और तिमाही आधार पर 21% बढ़ी।रिपोर्ट का निष्कर्ष है कि जिन कंपनियों का कारोबार चीनी, विशेष सामग्री और कॉफी पर अधिक निर्भर है, उन्हें महंगाई का ज्यादा सामना करना पड़ सकता है। इसके विपरीत, अनाज आधारित उत्पादों वाला पोर्टफोलियो रखने वाली कंपनियां अपेक्षाकृत बेहतर स्थिति में रह सकती हैं।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here