दक्षिण अफ्रीका : चीनी सीजन की शुरुआत के साथ बढ़ी उम्मीदें, टोंगाट हुलेट को बचाने की नई पहल से किसानों में उत्साह

क्वाज़ुलु-नटाल : दक्षिण अफ्रीका के चीनी उद्योग के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। चीनी सीजन की शुरुआत के साथ किसानों और उद्योग से जुड़े लोगों में नई उम्मीद जगी है। ‘ग्रोवरको’ (GrowerCo) नामक एक नई बचाव पहल के जरिए संकटग्रस्त चीनी कंपनी टोंगाट हुलेट को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। यह पहल पूरी तरह गन्ना उत्पादकों द्वारा संचालित है, जो मानते हैं कि कंपनी को परिसमापन (लिक्विडेशन) की बजाय पुनर्जीवित किया जा सकता है।

गन्ना किसान और एसए केनग्रोवर्स के बोर्ड सदस्य प्रतिश शर्मा ने बताया कि, टोंगाट हुलेट पिछले 134 वर्षों से क्षेत्र की अर्थव्यवस्था की रीढ़ रही है। कंपनी खेतों, मिलों और रिफाइनरी संचालन के माध्यम से 35,000 से 40,000 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार देती है, जबकि 17,500 से अधिक किसान इसकी मिलों को गन्ने की आपूर्ति करते हैं। इनमें अधिकांश छोटे किसान शामिल हैं।उन्होंने कहा कि, यदि कंपनी का परिसमापन हुआ तो इसके आर्थिक और सामाजिक परिणाम बेहद गंभीर होंगे। ग्रोवरको की योजना के तहत छोटे और बड़े दोनों स्तर के किसानों को हिस्सेदार बनाया जाएगा, जिससे कंपनी को दीर्घकालिक स्थिरता मिलेगी और चीनी मूल्य श्रृंखला को संरक्षित रखा जा सकेगा।

ChiniMandi WhatsApp Channel

छोटे किसानों को मिलेगा स्वामित्व का अवसर…

अमाटिकुलु मिल को गन्ना आपूर्ति करने वाले किसान निकोलस नगोबे ने कहा कि, ग्रोवरको मॉडल कृषि क्षेत्र में वास्तविक आर्थिक परिवर्तन का अवसर प्रदान करता है। इस मॉडल के तहत छोटे किसान केवल गन्ने की बिक्री से ही नहीं, बल्कि कंपनी की हिस्सेदारी में वृद्धि से भी लाभ प्राप्त करेंगे। उन्होंने कहा कि इससे उन किसानों के लिए भी नई संभावनाएं बनेंगी, जिनके पूर्वज कभी चीनी खेतों में मजदूर के रूप में कार्य करते थे, लेकिन अब वे दक्षिण अफ्रीका की सबसे पुरानी चीनी कंपनियों में से एक के शेयरधारक बन सकते हैं।

लेनदारों को भी होगा अधिक लाभ…

ग्रोवरको का अनुमान है कि, यदि टोंगाट हुलेट का संचालन जारी रहता है तो लेनदारों को 3 से 4.5 अरब रैंड तक की वसूली हो सकती है। वहीं कंपनी के परिसमापन की स्थिति में यह राशि केवल 1 से 1.5 अरब रैंड रहने की संभावना है।प्रतिश शर्मा के अनुसार, यह योजना सभी हितधारकों को साथ लेकर चलने वाली पहल है, जिसका उद्देश्य कंपनी को बंद होने से बचाना और उसकी चीनी गतिविधियों को जारी रखना है।

मैडस्टोन मिल फिर से शुरू, किसानों में खुशी…

कई सप्ताह की अनिश्चितता के बाद टोंगाट हुलेट की तीनों चीनी मिलें, जिनमें ऐतिहासिक मैडस्टोन मिल भी शामिल है, 14 मई को दोबारा शुरू हो गईं। इन मिलों को लगभग 18,000 गन्ना किसान आपूर्ति करते हैं। शुरुआत में किसानों को बताया गया था कि मिल 27 मई को खुलेगी, लेकिन रखरखाव कार्य समय से पहले पूरा होने के कारण इसे पहले ही शुरू कर दिया गया। किसानों ने इसे सुखद आश्चर्य बताया और गन्ना कटाई का कार्य भी शुरू कर दिया।

120 वर्षों पुरानी परंपरा का निर्वाह…

टोंगाट सिविक एसोसिएशन के अध्यक्ष हैरोल्ड मैस्ट्री ने बताया कि मिल शुरू होने से पहले पारंपरिक प्रार्थना समारोह आयोजित किया गया। यह परंपरा 120 वर्षों से अधिक पुरानी है और किसानों व मिल कर्मचारियों की सुरक्षा तथा सफलता के लिए प्रार्थना की जाती है।

चीनी उद्योग की शानदार शुरुआत…

दक्षिण अफ्रीका के चीनी उद्योग ने भी इस सीजन की मजबूत शुरुआत की है। एसए केनग्रोवर्स के अनुसार, इस वर्ष सीजन के शुरुआती चरण में मिलों तक पहुंचने वाले कच्चे गन्ने की मात्रा पिछले वर्ष की तुलना में 48 प्रतिशत अधिक रही है। संस्था के अध्यक्ष हिगिंस म्डलुली ने किसानों की कठिन परिस्थितियों में भी दिखाई गई मजबूती की सराहना की और आशा जताई कि टोंगाट हुलेट की मिलों को आपूर्ति करने वाले किसानों का सीजन भी सफल रहेगा।

सस्ते आयात से बढ़ी चिंता…

हालांकि, उत्पादन के सकारात्मक आंकड़ों के बावजूद उद्योग को ब्राजील, भारत और थाईलैंड जैसे देशों से बढ़ते चीनी आयात की चुनौती का सामना करना पड़ रहा है। म्डलुली के अनुसार, आयातित चीनी स्थानीय बाजार में घरेलू चीनी की हिस्सेदारी कम कर रही है।उन्होंने बताया कि, मार्च 2026 में दक्षिण अफ्रीका में 16,000 टन चीनी आयात की गई, जो मार्च 2025 की तुलना में दोगुनी है। वर्ष 2025 चीनी आयात के लिहाज से सबसे खराब वर्षों में से एक रहा, जब 2.13 लाख टन चीनी का आयात किया गया था। उन्होंने सरकार और संबंधित संस्थाओं से स्थानीय चीनी उद्योग की सुरक्षा और स्थिरता को प्राथमिकता देने की अपील की, क्योंकि क्वाज़ुलु-नटाल और म्पुमलांगा के ग्रामीण क्षेत्रों की अर्थव्यवस्था बड़े पैमाने पर गन्ना खेती पर निर्भर है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here