4 जून तक केरल में दस्तक दे सकता है दक्षिण-पश्चिम मानसून, कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

तिरुवनंतपुरम: भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने संभावना जताई है कि, दक्षिण-पश्चिम मानसून 4 जून के आसपास केरल में प्रवेश कर सकता है। विभाग के अनुसार राज्य और आसपास के क्षेत्रों में मानसून के आगे बढ़ने के लिए मौसम की परिस्थितियां तेजी से अनुकूल होती जा रही हैं। आईएमडी केरल के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व अरब सागर, लक्षद्वीप, केरल, तमिलनाडु तथा बंगाल की खाड़ी के कुछ अतिरिक्त हिस्सों में मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन चुकी हैं।

आईएमडी की वैज्ञानिक नीता के. गोपाल ने बताया कि, मानसून के आगमन के लिए आवश्यक वातावरणीय परिस्थितियां लगभग तैयार हैं और 4 जून को मानसून की आधिकारिक घोषणा की जा सकती है। उन्होंने कहा कि राज्य में शाम से ही अच्छी बारिश शुरू होने की संभावना है और अगले सात दिनों तक केरल के अधिकांश हिस्सों में भारी वर्षा का दौर जारी रह सकता है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

उन्होंने बताया कि, आगामी सप्ताह में राज्य के सभी जिलों को पीले या नारंगी अलर्ट के दायरे में रखा जा सकता है, क्योंकि कई स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। विशेष रूप से पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। नीता गोपाल ने चेतावनी देते हुए कहा कि, यदि लगातार भारी बारिश होती है तो स्थिति चिंताजनक हो सकती है। पहाड़ी इलाकों में नारंगी अलर्ट के दौरान कुछ प्रतिबंध भी लागू किए जा सकते हैं।

इससे एक दिन पहले मौसम विभाग ने राज्य के नौ जिलों के लिए पीला अलर्ट जारी किया था। जिन जिलों में भारी बारिश और स्थानीय मौसम संबंधी व्यवधानों की चेतावनी दी गई है, उनमें पथानामथिट्टा, अलप्पुझा, कोट्टायम, इडुक्की, एर्नाकुलम, मलप्पुरम, कोझिकोड, वायनाड और कन्नूर शामिल हैं। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में दक्षिण भारत के विभिन्न हिस्सों में गरज-चमक, तेज हवाओं और कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना जताई है। मानसून की प्रगति के साथ केरल और लक्षद्वीप में व्यापक वर्षा गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।

आईएमडी ने लोगों से अपील की है कि, वे आंधी-तूफान के दौरान घरों के अंदर रहें, जलभराव वाले क्षेत्रों से बचें और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। किसानों को भी अपनी फसलों और पशुधन को भारी बारिश और प्रतिकूल मौसम से सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here