कोलंबो : श्रीलंका अब गन्ना परियोजना के क्रियान्वयन के लिए ब्राजील के साथ समझौता करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। कैबिनेट ने दक्षिण अमेरिकी देश ब्राजील के साथ एक पूरक समझौता करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। कैबिनेट प्रवक्ता एवं स्वास्थ्य तथा जनसंचार मंत्री नलिंदा जयतिस्सा ने यह जानकारी दी। यह समझौता 16 सितंबर 2008 को श्रीलंका और ब्राजील के बीच हुए तकनीकी सहयोग समझौते के तहत किया जाएगा। वर्ष 2008 का यह समझौता दोनों देशों के बीच साझा हित वाले क्षेत्रों में तकनीकी सहयोग के लिए एक व्यापक ढांचा उपलब्ध कराता है।
परियोजनाओं के लिए अलग समझौते जरूरी
जयतिस्सा ने बताया कि, वर्ष 2008 के समझौते के तहत प्रस्तावित विभिन्न कार्यक्रमों और परियोजनाओं के क्रियान्वयन के लिए अलग-अलग पूरक समझौते करना आवश्यक है। इन समझौतों में संबंधित परियोजनाओं को लागू करने की प्रक्रिया और दोनों देशों की जिम्मेदारियों का उल्लेख किया जाएगा। कैबिनेट की ताजा मंजूरी से पहले मई में भी एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया था। इसमें ब्राजीलियन कोऑपरेशन एजेंसी, फेडरल यूनिवर्सिटी ऑफ साओ कार्लोस, श्रीलंका के उद्योग एवं उद्यमिता विकास मंत्रालय और शुगरकेन रिसर्च इंस्टीट्यूट के बीच परियोजना सहयोग समझौते के तहत काम आगे बढ़ाने का फैसला किया गया था।
गन्ना क्षेत्र में तकनीकी सहयोग को बढ़ावा
प्रस्तावित सहयोग से श्रीलंका और ब्राजील के बीच तकनीकी आदान-प्रदान और विशेषज्ञता साझा करने को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। साथ ही इससे श्रीलंका में प्रस्तावित गन्ना परियोजना के क्रियान्वयन में तकनीकी सहायता उपलब्ध हो सकेगी। श्रीलंका सरकार को उम्मीद है कि ब्राजील के साथ सहयोग से गन्ने की खेती और उससे जुड़े तकनीकी क्षेत्रों में नई विशेषज्ञता हासिल करने तथा परियोजना को प्रभावी ढंग से लागू करने में मदद मिलेगी।


















