हॉर्मुज जलडमरूमध्य में बाधा भारत के लिए सबसे बड़ा आर्थिक जोखिम, महंगाई बढ़ने की आशंका: वित्त मंत्रालय

नई दिल्ली : वित्त मंत्रालय की मई 2026 की मासिक आर्थिक समीक्षा में कहा गया है कि, हॉर्मुज जलडमरूमध्य में जारी बाधा भारत के बाहरी व्यापार और महंगाई के दृष्टिकोण के लिए सबसे महत्वपूर्ण जोखिम बनी हुई है। मंत्रालय ने चेतावनी दी है कि, यदि ऊर्जा आपूर्ति में यह व्यवधान लंबे समय तक जारी रहा तो देश में महंगाई का दबाव बढ़ सकता है और आर्थिक विकास की रफ्तार भी प्रभावित हो सकती है। हॉर्मुज जलडमरूमध्य वैश्विक तेल आपूर्ति का प्रमुख मार्ग माना जाता है। वित्त मंत्रालय के आर्थिक मामलों के विभाग (DEA) द्वारा जारी रिपोर्ट में कहा गया है कि, भारत की अर्थव्यवस्था फिलहाल मजबूत घरेलू मांग, सेवा क्षेत्र के निर्यात, स्थिर श्रम बाजार और पर्याप्त विदेशी मुद्रा भंडार के कारण संतुलित स्थिति में है, लेकिन पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव ने वैश्विक आर्थिक माहौल को अधिक चुनौतीपूर्ण बना दिया है।

रिपोर्ट के अनुसार, यदि हॉर्मुज जलडमरूमध्य की स्थिति जल्द सामान्य होती है, तो भारत में व्यापक आर्थिक सुधार की संभावनाएं मजबूत रहेंगी। हालांकि, अगर संकट लंबा खिंचता है तो इसका असर तेल कीमतों, सप्लाई चेन और परिवहन लागत पर पड़ेगा। वित्त मंत्रालय ने यह भी कहा कि, खुदरा और थोक महंगाई के बीच बढ़ता अंतर संकेत दे रहा है कि अर्थव्यवस्था में लागत का दबाव बढ़ रहा है। पेट्रोल और डीजल की हालिया कीमतों में वृद्धि से महंगाई पर सीधा और अप्रत्यक्ष दोनों असर पड़ सकता है। इसके अलावा कमजोर मानसून की स्थिति खाद्य महंगाई को और बढ़ा सकती है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

रिपोर्ट में कहा गया है कि, पश्चिम एशिया में ऊर्जा ढांचे की बहाली और हॉर्मुज क्षेत्र की स्थिति पर वैश्विक आर्थिक स्थिरता काफी हद तक निर्भर करेगी। कच्चे तेल की आपूर्ति में रुकावट से ऊर्जा और शिपिंग लागत बढ़ सकती है, जिससे वैश्विक विकास दर पर असर पड़ने की आशंका है। इसका असर विशेष रूप से भारत जैसे ऊर्जा आयात पर निर्भर उभरते देशों पर ज्यादा पड़ सकता है।मंत्रालय ने बताया कि, वित्त वर्ष 2026 में पश्चिमी खाड़ी सहयोग परिषद (GCC) क्षेत्र से भारत के कुल आयात में कच्चे तेल और पेट्रोलियम उत्पादों की हिस्सेदारी 53.9 प्रतिशत रही।हालांकि, मौजूदा संकट के बावजूद भारत विविध स्रोतों से तेल खरीद कर अपनी जरूरतों को पूरा कर पा रहा है।

रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि, वैश्विक ऊर्जा झटकों से बचाव के लिए भारत ने हाल ही में Abu Dhabi National Oil Company के साथ रणनीतिक कच्चे तेल भंडारण और दीर्घकालिक एलपीजी आपूर्ति से जुड़े समझौते किए हैं। वित्त मंत्रालय का कहना है कि, बाहरी भू-राजनीतिक जोखिमों और घरेलू जलवायु चुनौतियों के बीच आर्थिक स्थिरता बनाए रखने के लिए मौद्रिक, राजकोषीय और संरचनात्मक नीतियों को लचीला बनाए रखना जरूरी होगा।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here