एफआरपी बकाया को लेकर चीनी आयुक्तालय सख्त : 232.80 करोड़ रुपये बकाया मामले में राज्य की सात चीनी मिलों पर आरआरसी कार्रवाई

कोल्हापुर : महाराष्ट्र में गन्ना किसानों के बकाया भुगतान के मामलें में चीनी आयुक्तालय ने कड़ा रुख अपनाया है। एफआरपी (उचित एवं लाभकारी मूल्य) का भुगतान लंबित रखने के मामले में राज्य के सात चीनी मिलों के खिलाफ आरआरसी (राजस्व वसूली प्रमाणपत्र) कार्रवाई शुरू की गई है। इनमें सोलापुर, धाराशिव, अहिल्यानगर, नाशिक और छत्रपति संभाजीनगर जिले की चीनी मिलें शामिल हैं। सोलापुर जिले के गोकुल शुगर पर पहले से कार्रवाई चल रही थी। अब इसके साथ भीमा टाकळी सिकंदर और संत कुर्मदास सहित अन्य जिलों की सात मिलों पर कार्रवाई की गई है। कार्रवाई की गई इन सभी मिलों पर किसानों के कुल 232 करोड़ 80 लाख रुपये के गन्ना बिल बकाया हैं।

सोलापुर जिले की 12 चीनी मिलों पर 138 करोड़ रुपये एफआरपी बकाया

ChiniMandi WhatsApp Channel

पिछले सप्ताह चीनी आयुक्तालय ने बकाया भुगतान नहीं करने वाले 54 चीनी मिलों की सुनवाई की थी। इसके बाद जिन मिलों ने तय समय में भुगतान नहीं किया, उनके खिलाफ आरआरसी कार्रवाई शुरू की गई। सोलापुर जिले में चीनी मिलों पर किसानों का एफआरपी और घोषित गन्ना मूल्य का भुगतान बड़ी मात्रा में लंबित है, जिससे किसान आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। चीनी आयुक्तालय की 15 मई तक की रिपोर्ट के अनुसार, सोलापुर जिले की 12 चीनी मिलों पर 138 करोड़ रुपये एफआरपी बकाया है। 2025-26 के पेराई सीजन में जिले की 35 चीनी मिलों ने करीब 1 करोड़ 59 लाख 69 हजार 710 मीट्रिक टन गन्ने की पेराई की है। इसके बदले अब तक किसानों के खातों में 4,192 करोड़ रुपये जमा किए जा चुके हैं। हालांकि अभी भी बड़ी रकम लंबित होने से किसानों में नाराजगी बनी हुई है।

गन्ना किसानों का बकाया भुगतान सर्वोपरी : चीनी आयुक्त

‘चीनी मंडी’ से बातचीत में राज्य के चीनी आयुक्त डॉ. संजय कोलते ने कहा कि, किसानों को समय पर गन्ना भुगतान मिले, इसके लिए विभाग पेराई मौसम के शुरुआत से प्रयास कर रहा है। कई चीनी मिलें निर्धारित समय में एफआरपी भुगतान करने में असफल रहीं। विभाग ने पहले उनकी सुनवाई की और भुगतान के लिए अतिरिक्त समय भी दिया, लेकिन इसके बावजूद भुगतान नहीं होने पर अब आरआरसी के तहत कार्रवाई शुरू की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि, विभाग का मुख्य उद्देश्य किसानों का शत प्रतिशत बकाया भुगतान दिलाना है और इसके लिए आवश्यक सभी कदम उठाए जा रहे हैं।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here