शिमला: राजधानी के राशन डिपो में चीनी की कमी गहराने लगी है, जिससे उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। डिपो संचालकों ने गोदामों में मांग भेजी है, लेकिन सप्लाई को लेकर स्पष्ट जवाब न मिलने से असंतोष बढ़ रहा है। यदि जल्द आपूर्ति नहीं हुई तो शनिवार से कई डिपो में चीनी का वितरण पूरी तरह बंद होने की आशंका है। अमर उजाला में प्रकाशित खबर के अनुसार, सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत शहर के 40 से अधिक राशन डिपो से हर महीने हजारों उपभोक्ताओं को राशन मिलता है। हालांकि इस बार डिपो को पर्याप्त चीनी कोटा नहीं मिला है। कई डिपो में शुक्रवार तक केवल आधा स्टॉक बचा था और यह कब तक चलेगा, इसको लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। कुछ डिपो में तो चीनी की एक बोरी ही शेष रह गई है।
डिपो संचालकों का कहना है कि, यदि एक-दो दिन में सप्लाई नहीं पहुंची तो उपभोक्ताओं को खाली हाथ लौटना पड़ सकता है। फिलहाल बीपीएल और अंत्योदय अन्न योजना के तहत आने वाले कार्डधारकों को निर्धारित मात्रा में चीनी दी जा रही है।विभाग का दावा है कि, 20 अप्रैल तक गोदामों में चीनी की नई खेप पहुंच सकती है, जिसके बाद डिपो को पूरा कोटा जारी किया जाएगा। चीनी की कमी के बावजूद आटा, चावल, दाल और नमक की सप्लाई पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। संचालक उपभोक्ताओं को निर्धारित क्षमता के अनुसार इन वस्तुओं का वितरण कर रहे हैं। चीनी की कमी के कारण बैकलॉग देने के बजाय केवल एक महीने का कोटा ही जारी किया जा रहा है। जिला नियंत्रक खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले नरेंद्र धीमान ने ‘अमर उजाला’ को बताया कि, शहर के राशन डिपो में अन्य आवश्यक राशन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है और उपभोक्ताओं को पूरा राशन दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी उपभोक्ता को अनावश्यक परेशानी नहीं होने दी जाएगी।


















