मनीला: फिलीपींस के कृषि सचिव फ्रांसिस्को तिउ लॉरेल जूनियर ने चीनी उद्योग से जुड़े हितधारकों को आश्वस्त किया है कि, चीनी आयात सरकार की प्राथमिक नीति नहीं है, बल्कि इसका इस्तेमाल बाजार और कीमतों को स्थिर करने के एक साधन के रूप में किया जाएगा। फिलीपींस न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने यह बात फिलीपीन शुगर टेक्नोलॉजिस्ट्स एसोसिएशन के 72वें वार्षिक राष्ट्रीय सम्मेलन में कही, जिसका समापन शुक्रवार को हुआ।
तिउ लॉरेल ने कहा कि, चीनी का आयात केवल जरूरत पड़ने पर और स्पष्ट रूप से तय परिस्थितियों में किया जाएगा। इसका उद्देश्य चीनी की कीमतों को स्थिर रखना और बाजार में पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करना होगा। उन्होंने कहा कि, भविष्य में चीनी का आयात केवल उतनी ही मात्रा तक सीमित रहेगा, जितनी देश की जरूरतों को पूरा करने के लिए आवश्यक होगी। इससे एक ओर चीनी की कमी से बचा जा सकेगा, वहीं दूसरी ओर जरूरत से ज्यादा आयात को भी रोका जाएगा।
मजबूत और आत्मनिर्भर चीनी उद्योग पर जोर
तिउ लॉरेल ने कहा कि, सरकार का मूल उद्देश्य फिलीपींस के चीनी उद्योग को अधिक मजबूत, उत्पादक, प्रतिस्पर्धी और आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने मौजूदा उस नीति का भी उल्लेख किया, जिसके तहत स्थानीय स्तर पर उत्पादित चीनी खरीदने के आधार पर आयात कोटा हासिल किया जाता है। कृषि सचिव के अनुसार, यह व्यवस्था उद्योग में लागू किया गया पहला प्रमुख पारदर्शी आवंटन तंत्र है और इससे आयात कोटा बांटने में अधिकारियों के विवेकाधीन अधिकारों को समाप्त किया गया है।
चीनी उद्योग के सामने कई चुनौतियां
फिलीपींस का चीनी क्षेत्र वर्तमान में कई समस्याओं का सामना कर रहा है। इनमें उत्पादन लागत में बढ़ोतरी, कृषि इनपुट की बढ़ती कीमतें, श्रमिकों की कमी, वित्तीय सहायता तक सीमित पहुंच, जलवायु परिवर्तन और रेड-स्ट्राइप्ड सॉफ्ट स्केल कीट (RSSI) का प्रकोप शामिल है। कीट के प्रकोप से निपटने के लिए तिउ लॉरेल ने कहा कि कृषि विभाग और शुगर रेगुलेटरी एडमिनिस्ट्रेशन मिलकर एक राष्ट्रीय टास्क फोर्स स्थापित करेंगे। यह टास्क फोर्स RSSI से संबंधित सभी प्रयासों के बीच समन्वय करेगी और किसानों को उपलब्ध सरकारी सहायता तथा कीट नियंत्रण के लिए निर्धारित उपायों के बारे में मार्गदर्शन देगी।
कीट नियंत्रण के लिए 300 मिलियन फिलीपीन पेसो
कृषि विभाग ने 2027 के लिए 30 करोड़ फिलीपीन पेसो का बजट आवंटित किया है। इसका इस्तेमाल चीनी उत्पादक क्षेत्रों में नगरपालिका स्तर पर जैविक नियंत्रण एजेंट प्रयोगशालाएं और इन्क्यूबेशन केंद्र स्थापित करने के लिए किया जाएगा। इन केंद्रों का उद्देश्य भविष्य में संभावित कीट प्रकोप से निपटने में मदद करना है। तिउ लॉरेल ने कहा कि, श्रमिकों की कमी, जलवायु जोखिम और कम उत्पादकता जैसी चुनौतियों को कृषि मशीनीकरण तेज करने, जलवायु-अनुकूल कृषि अपनाने और विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार के इस्तेमाल को बढ़ाने के अवसर के रूप में देखा जाना चाहिए।उन्होंने कहा कि, तकनीकी प्रगति का अंतिम उद्देश्य स्थानीय गन्ना किसानों की आय बढ़ाना होना चाहिए। साथ ही, इससे ऐसा चीनी उद्योग विकसित करने में मदद मिलनी चाहिए जो भविष्य की चुनौतियों का पहले से अनुमान लगा सके और बदलती परिस्थितियों के अनुसार तेजी से खुद को ढाल सके।


















