अबुजा : नेशनल शुगर डेवलपमेंट काउंसिल’ (NSDC) के कार्यकारी सचिव और मुख्य कार्यकारी अधिकारी कमर बकरिन ने कहा कि, चीनी उद्योग देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और ग्रामीण जीवन स्तर में सुधार लाने की बड़ी क्षमता रखता है। उन्होंने कहा कि, एक विकसित चीनी उद्योग रोजगार सृजन के माध्यम से नाइजीरिया की सुरक्षा चुनौतियों की जड़ पर प्रहार कर सकता है।बकरिन ने यह बात अबुजा स्थित कस्टम मुख्यालय में एनएसडीसी और नाइजीरिया सीमा शुल्क सेवा के बीच आयोजित रणनीतिक बैठक के दौरान कही। उन्होंने कस्टम महानियंत्रक बशीर अदवाले अदेनीयी और वरिष्ठ अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि, आधुनिक चीनी एस्टेट राष्ट्रीय बिजली ग्रिड पर निर्भर हुए बिना अपनी बिजली स्वयं उत्पन्न कर सकते हैं और अतिरिक्त बिजली राष्ट्रीय ग्रिड को भी उपलब्ध करा सकते हैं।
उन्होंने कहा, यदि नाइजीरिया एक मजबूत चीनी क्षेत्र विकसित करने में सफल होता है, तो हर साल चीनी आयात पर खर्च होने वाले एक अरब डॉलर से अधिक धन को रोजगार, सुरक्षा और औद्योगिकीकरण में बदला जा सकता है। बकरिन के अनुसार, चीनी उद्योग लगभग 2.5 लाख प्रत्यक्ष और 7.5 लाख अप्रत्यक्ष रोजगार पैदा कर सकता है, जो मुख्य रूप से 12 राज्यों के ग्रामीण क्षेत्रों में होंगे। उन्होंने कहा कि, ये नौकरियां शहरों में नहीं बल्कि गांवों में पैदा होंगी, जिससे ग्रामीण विकास को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि, चीनी उद्योग युवाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार उपलब्ध कराकर अपराध और सामाजिक अशांति जैसी समस्याओं को कम करने में मदद कर सकते हैं।उन्होंने कहा, जहां चीनी परियोजनाएं होती हैं, वहां अशांति और सुरक्षा चुनौतियां कम हो जाती हैं, क्योंकि युवाओं को पर्याप्त रोजगार मिलता है।


















