महाराष्ट्र के विकास का प्रमुख आधार है चीनी उद्योग : ‘वीएसआई’ के उपाध्यक्ष दिलीप वळसे-पाटील

पुणे: महाराष्ट्र का चीनी उद्योग किसानों, श्रमिकों, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और राज्य सरकार के बीच सफल साझेदारी का एक उत्कृष्ट उदाहरण है। इस उद्योग ने लाखों किसानों को स्थिर आय, ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और राज्य सरकार को महत्वपूर्ण राजस्व प्रदान किया है। यह विचार वसंतदादा शुगर इंस्टीट्यूट (VSI) के उपाध्यक्ष एवं विधायक दिलीप वळसे-पाटील ने दैनिक ‘लोकसत्ता’ में प्रकाशित अपने आर्टिकल में व्यक्त किए हैं। वळसे-पाटील के अनुसार, वर्तमान में लगभग 50 लाख किसान, 10 लाख गन्ना कटाई श्रमिक और डेढ़ लाख कर्मचारी सीधे तौर पर चीनी उद्योग से जुड़े हुए हैं। इस क्षेत्र से प्रतिवर्ष 55,000 से 60,000 करोड़ रुपये का कारोबार होता है तथा राज्य को करीब 8,000 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त होता है।

ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने में अहम भूमिका…

ChiniMandi WhatsApp Channel

उन्होंने कहा कि, महाराष्ट्र के सहकारी चीनी कारखानों ने पिछले कई दशकों में ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। चीनी मिलों ने किसानों को परिवहन, कृषि परामर्श, सिंचाई प्रबंधन और आधुनिक खेती तकनीकों का लाभ उपलब्ध कराया है। इसके परिणामस्वरूप गन्ना उत्पादक क्षेत्रों में आर्थिक स्थिरता देखने को मिलती है। गन्ने की निश्चित कीमत और नियमित आय के कारण किसानों का जोखिम कम होता है। वहीं, लगभग 10 लाख गन्ना कटाई मजदूरों को इस उद्योग से हर वर्ष मौसमी रोजगार मिलता है।

चीनी मिलों से विकसित हुईं सामाजिक सुविधाएं…

वळसे-पाटील ने बताया कि, कई चीनी मिलों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कें, स्कूल, कॉलेज और अस्पताल जैसी बुनियादी सुविधाओं का विकास हुआ है। इससे ग्रामीण आबादी का शहरों की ओर पलायन भी कम हुआ है। उनका मानना है कि मजबूत चीनी उद्योग राज्य सरकार के राजस्व में भी वृद्धि करता है।

एथेनॉल उत्पादन से उद्योग को मिली नई ताकत…

उन्होंने कहा कि, पिछले कुछ वर्षों में एथेनॉल उत्पादन ने चीनी उद्योग को नई ऊर्जा प्रदान की है। महाराष्ट्र में प्रतिवर्ष 424 करोड़ लीटर एथेनॉल उत्पादन की क्षमता है, जो देश की विदेशी मुद्रा बचाने में मदद कर सकती है। एथेनॉल उत्पादन से गन्ने का अधिक प्रभावी और लाभकारी उपयोग संभव हो रहा है। वर्तमान में राज्य को कुल क्षमता में से 166 करोड़ लीटर एथेनॉल का आवंटन मिला है, जबकि अभी लगभग 26 प्रतिशत क्षमता का ही उपयोग किया जा रहा है। भविष्य में इसमें और वृद्धि की संभावना जताई गई है।

चीनी और एथेनॉल के दाम बढ़ाने की मांग…

उद्योग की ओर से चीनी के न्यूनतम बिक्री मूल्य (एमएसपी) को बढ़ाकर 4,100 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग की गई है।इसके साथ ही गन्ने के रस और सिरप आधारित एथेनॉल का मूल्य 72 रुपये प्रति लीटर तथा बी-हेवी मोलासेस आधारित एथेनॉल का मूल्य 67 रुपये प्रति लीटर निर्धारित करने की मांग भी उठाई गई है।

गन्ना महाराष्ट्र की सबसे भरोसेमंद नकदी फसल…

वळसे-पाटील ने कहा कि, गन्ना महाराष्ट्र की सबसे विश्वसनीय नकदी फसल मानी जाती है। केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित एफआरपी (फेयर एंड रेम्यूनरेटिव प्राइस) के कारण किसानों को बाजार की अनिश्चितताओं का कम सामना करना पड़ता है। उन्होंने बताया कि, वर्ष 2018-19 में गन्ने की एफआरपी 2,750 रुपये प्रति टन थी, जो बढ़कर 2026-27 में 3,650 रुपये प्रति टन हो गई है। यानी आठ वर्षों में लगभग 33 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। इससे किसानों की आय में निरंतर बढ़ोतरी हुई है और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है।

बढ़ती लागत के बीच उद्योग की प्रमुख मांगें…

लेख में बताया गया है कि, चीनी उत्पादन की लागत लगातार बढ़ रही है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार सितंबर 2025 तक चीनी उत्पादन की लागत 4,029 रुपये प्रति क्विंटल पहुंच गई थी, जिसमें अकेले गन्ने की एफआरपी का खर्च 3,463 रुपये प्रति क्विंटल है। इसके अलावा रसायन, ईंधन और अन्य उत्पादन लागतों में भी वृद्धि हुई है। इन चुनौतियों को देखते हुए उद्योग ने सरकार के समक्ष कई मांगें रखी हैं। इनमें चीनी के न्यूनतम मूल्य में वृद्धि, एथेनॉल के बेहतर दाम, 31 मार्च 2026 तक के बकाया ऋणों का पुनर्गठन, दो वर्ष की मोहलत और 10-12 वर्ष की पुनर्भुगतान अवधि शामिल है। साथ ही यह भी बताया गया कि एथेनॉल परियोजनाओं के लिए लिए गए ऋणों पर ब्याज अनुदान के रूप में 21 चीनी मिलों के लगभग 69 करोड़ रुपये अभी भी लंबित हैं।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here