कोल्हापुर : महाराष्ट्र और कर्नाटक के चीनी मिल मालिकों ने एकजुट होकर गन्ना उत्पादक किसानों को कम कीमत देने के लिए लॉबिंग की है। यह गंभीर आरोप स्वाभिमानी शेतकरी संगठन के नेता एवं पूर्व सांसद राजू शेट्टी ने लगाया है। उन्होंने कहा कि, कर्नाटक के चीनी मिलर्स ने प्रति टन 3,500 रुपये से अधिक भाव नहीं देने की भूमिका अपनाई है, जबकि महाराष्ट्र में भी मिलर्स ने जिलावार गन्ना मूल्य की सीमा तय करने का रुख अपनाया है। शेट्टी के आरोप के अनुसार, कोल्हापुर जिले के चीनी मिलर्स ने प्रति टन 3,600 से 3,700 रुपये, सांगली जिले के मिलर्स ने 3,600 रुपये और पुणे जिले के मिलर्स ने 3,500 रुपये भाव देने की भूमिका तय की है। उन्होंने दावा किया कि बेलगावी से पुणे तक के चीनी मिलर्स के बीच इस तरह की एकजुटता बनी है।
राजू शेट्टी ने कहा कि, यदि किसी जिले की चीनी मिलें गन्ने का अधिक पहला भुगतान कर रही हैं, तो इसका लाभ दूसरे जिलों के गन्ना उत्पादक किसानों को भी मिलना चाहिए। लेकिन मिल मालिकों ने एकजुट होकर गन्ने का भाव सीमित रखने की भूमिका अपनाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि, इस लॉबिंग में विपक्षी दलों के साथ-साथ सत्तारूढ़ गठबंधन से जुड़े चीनी मिल मालिक भी शामिल हैं। उन्होंने किसानों से अपील की कि गन्ने का बेहतर भाव और अधिक से अधिक पहली किस्त का भुगतान सुनिश्चित कराने के लिए सभी को एकजुट होकर आगे आना चाहिए।
3 नवंबर को पुणे-बेंगलुरु हाईवे पर चक्का जाम
गन्ना उत्पादक किसानों को उचित भाव दिलाने और चीनी मिल मालिकों की कथित लॉबिंग के विरोध में सोमवार, 3 नवंबर को पुणे-बेंगलुरु राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्का जाम आंदोलन किया जाएगा। इसकी घोषणा राजू शेट्टी ने की।


















