नई दिल्ली : केंद्र सरकार ने सभी चीनी मिलों को अक्टूबर 2026 के पहले पखवाड़े के लिए आवंटित चीनी कोटे में से कम से कम 45 प्रतिशत चीनी 1 अक्टूबर से 8 अक्टूबर 2026 के बीच बेचने और उठाने अथवा डिस्पैच करने का निर्देश दिया है। यह निर्देश 1 अक्टूबर 2026 को शुगर एंड वेजिटेबल ऑयल्स निदेशालय (DSVO) द्वारा जारी पत्र के माध्यम से दिया गया है।
खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग (DFPD), उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के अधीन DSVO की ओर से जारी यह पत्र देश की सभी चीनी मिलों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों (CEO) और प्रबंध निदेशकों (MD) को भेजा गया है। पत्र में कहा गया है कि, मिलों को आवंटित कोटे की शेष मात्रा की बिक्री और उठाव अगले सप्ताह के दौरान पूरा करना होगा। DSVO का यह निर्देश विभाग द्वारा 30 सितंबर 2026 को जारी Stockholding Limit Order No. 5-4/2025-SC के संदर्भ में है। इसी आदेश के तहत अक्टूबर 2026 के पहले पखवाड़े के लिए चीनी का कोटा आवंटित किया गया था।
निर्देश के अनुपालन की निगरानी के लिए DSVO ने स्पष्ट किया है कि, ‘बिक्री’ का अर्थ बिक्री चालान (Sale Invoice) तैयार करना या जारी करना माना जाएगा। इन बिक्री चालानों में दर्ज चीनी की मात्रा को ही बिक्री की गई मात्रा के रूप में गिना जाएगा। निदेशालय ने सभी चीनी मिलों को पहले सप्ताह के दौरान 45 प्रतिशत बिक्री और उठाव की अनिवार्यता का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं। मिलों को पहले सप्ताह में निर्धारित 45 प्रतिशत मात्रा की बिक्री और उठाव पूरा करने के बाद शेष आवंटित मात्रा को अगले सप्ताह में बेचने और डिस्पैच करने की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।


















