मुंबई: केंद्र सरकार के एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल (ईबीपी) कार्यक्रम और हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने की नीति से महाराष्ट्र के चीनी उद्योग की वित्तीय स्थिति में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। वर्ष 2025-26 के चीनी सत्र के दौरान राज्य की चीनी मिलों ने एथेनॉल उत्पादन से 6,250 करोड़ रुपये से अधिक की आय अर्जित की। वहीं, बगास आधारित सह-उत्पादन (को-जनरेशन) संयंत्रों के माध्यम से बिजली उत्पादन कर ग्रिड को आपूर्ति करने से लगभग 1,950 करोड़ रुपये की अतिरिक्त कमाई हुई। इन दोनों स्रोतों से 8,250 करोड़ रुपये से अधिक का अतिरिक्त राजस्व मिलने के बावजूद राज्य की कई चीनी मिलें अब भी किसानों को उचित एवं लाभकारी मूल्य (एफआरपी) का भुगतान समय पर नहीं कर रही हैं।
वर्ष 2025-26 के सत्र में महाराष्ट्र की कुल 210 चीनी मिलों ने पेराई कार्य पूरा किया, जिनमें 103 सहकारी और 107 निजी मिलें शामिल थीं। इन मिलों ने मिलकर लगभग 10.45 करोड़ टन गन्ने की पेराई की। वर्तमान में महाराष्ट्र की 140 से अधिक चीनी मिलों के पास अपने एथेनॉल उत्पादन संयंत्र (डिस्टिलरी) हैं, जो इस क्षेत्र में जैव ईंधन उत्पादन में बढ़ते निवेश को दर्शाता है। राज्य की प्रमुख एथेनॉल उत्पादक चीनी मिलों में कोल्हापुर जिले की जवाहर शेतकरी, श्री दत्त शेतकरी और तात्यासाहेब कोरे, सतारा जिले की सह्याद्री चीनी मिल, सांगली जिले की राजारामबापू, डालमिया भारत और सोनहिरा, पुणे जिले की सोमेश्वर, धाराशिव जिले की नैचुरल शुगर तथा अहिल्यानगर जिले की मुळा सहकारी चीनी मिल शामिल हैं।
एथेनॉल उत्पादन अब चीनी उद्योग के लिए आय का प्रमुख स्रोत बनता जा रहा है। इसके चलते यह उद्योग केवल चीनी उत्पादन तक सीमित न रहकर एक एकीकृत ऊर्जा क्षेत्र के रूप में उभर रहा है। अतिरिक्त आय से चीनी मिलों की वित्तीय स्थिति मजबूत हुई है और कई मिलें अपनी एथेनॉल उत्पादन क्षमता बढ़ाने पर विशेष ध्यान दे रही हैं। अधिशेष चीनी उत्पादन को कम करने और केंद्र सरकार के पेट्रोल में 20 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रण के लक्ष्य को पूरा करने के लिए इस सत्र में चीनी मिलों ने बड़ी मात्रा में बी-हेवी शीरा, सी-हेवी शीरा और गन्ने के रस को एथेनॉल उत्पादन के लिए डायवर्ट किया।


















