नई दिल्ली: भारत का चीनी उद्योग 27% एथेनॉल मिश्रण के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ रहा है। ऐसे में सोर्सिंग, उत्पादन योजना और पूरी मूल्य श्रृंखला के बीच समन्वय से जुड़ी कमियां सामने आ सकती हैं। द हिंदू बिजनेसलाइन ने फाइंडएबिलिटी साइंसेज (Findability Sciences) के संस्थापक एवं सीईओ आनंद महुरकर के हवाले से यह जानकारी दी है। महुरकर के अनुसार, निर्धारित समय से पहले 20% एथेनॉल मिश्रण हासिल करना एक नीतिगत सफलता रही है, लेकिन 27% के लक्ष्य तक पहुंचने के लिए चीनी मिलों को अपनी परिचालन क्षमता और दक्षता को और मजबूत करना होगा।
कई फीडस्टॉक का प्रबंधन बड़ी चुनौती
एक प्रमुख चुनौती कई तरह के फीडस्टॉक का प्रबंधन करना होगी। मिलों को एक ही डिस्टिलरी ढांचे के जरिए गन्ने, अनाज और अतिरिक्त खाद्यान्न को प्रोसेस करना होगा, साथ ही इथेनॉल के उत्पादन और गुणवत्ता में निरंतरता बनाए रखनी होगी। गन्ने की उपलब्धता वर्षा और गन्ने के रकबे से जुड़े किसानों के फैसलों के अनुसार बदलती रहती है। इससे कई महीने पहले सोर्सिंग, पेराई और फीडस्टॉक डायवर्जन की योजना बनाना मुश्किल हो जाता है। महुरकर ने कहा कि, जो मिलें वास्तविक समय की मांग और उत्पादन संबंधी आंकड़ों की बजाय मुख्य रूप से अनुभव पर निर्भर करती हैं, उनके सामने अधिक चुनौतियां आ सकती हैं।
उन्होंने कहा कि, वर्तमान में मूल्य श्रृंखला के अलग-अलग हिस्से अलग-अलग समयसीमा पर काम करते हैं। किसान खेत के अनुभव के आधार पर उपज का अनुमान लगाते हैं, मिलें संभावित गन्ना आवक के आधार पर पेराई की योजना बनाती हैं और डिस्टिलरियां अक्सर पिछले आंकड़ों के आधार पर फीडस्टॉक डायवर्जन का निर्णय लेती हैं। कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) इन अलग-अलग समयसीमाओं को एक साझा और भविष्य-केंद्रित दृष्टिकोण के जरिए जोड़ने में मदद कर सकती है।
सैटेलाइट और फील्ड डेटा से बेहतर योजना
सैटेलाइट और खेतों से मिलने वाले आंकड़ों की मदद से मिलें गन्ने के कारखाने तक पहुंचने से पहले ही उसकी उपलब्धता का अनुमान लगा सकती हैं। इससे डिस्टिलरी की बेहतर योजना बनाने में मदद मिलेगी। साथ ही किसान कटाई और फसल के स्वास्थ्य से जुड़े फैसले भी बेहतर तरीके से ले सकेंगे। महुरकर ने कहा कि, AI को किसानों और मिल संचालकों की जगह लेने के बजाय उनकी सहायता करनी चाहिए। इसका उद्देश्य वर्षों से अर्जित परिचालन अनुभव को उपयोगी जानकारी में बदलना है, जिसका इस्तेमाल संगठन के विभिन्न स्तरों पर किया जा सके।
रिकवरी और ऊर्जा दक्षता से बढ़ सकती है लाभप्रदता
चीनी की कीमतों पर सरकारी नीतियों और वैश्विक बाजार का प्रभाव पड़ता है, जबकि गन्ने की लागत काफी हद तक निर्धारित रहती है।ऐसे में मिलों के पास अपने मुनाफे के दोनों छोरों पर सीमित नियंत्रण होता है। इस वजह से रिकवरी रेट, पेराई दक्षता, ऊर्जा खपत और मशीनरी का डाउनटाइम लाभप्रदता बढ़ाने के प्रमुख क्षेत्र बन जाते हैं। महुरकर के अनुसार, रिकवरी में केवल एक प्रतिशत अंक का सुधार भी पूरे पेराई सीजन में महत्वपूर्ण आर्थिक लाभ दे सकता है। यही कारण है कि चीनी मिलें परिचालन दक्षता को मुनाफा बढ़ाने के एक महत्वपूर्ण साधन के रूप में देख रही हैं। उद्योग पर उत्पादन बढ़ाने के साथ-साथ टिकाऊ फीडस्टॉक आपूर्ति और किसानों की आय बनाए रखने का भी दबाव है। महुरकर ने कहा कि, केवल क्षमता बढ़ाना पर्याप्त नहीं होगा। बेहतर जानकारी, पूर्वानुमान और समन्वय भी जरूरी होंगे।
AI आधारित प्लेटफॉर्म से समाधान का प्रयास
फाइंडएबिलिटी साइंसेज का स्टोमा सुइट (Stoma Suite) इन्हीं कमियों को दूर करने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। Stoma Sense मिल में गन्ना पहुंचने से पहले फसल और संभावित उपज की जानकारी उपलब्ध कराता है, जबकि स्टोमा इनसाइट (Stoma Insight) पेराई, रिकवरी और ऊर्जा दक्षता पर केंद्रित है। दोनों प्लेटफॉर्म मिल संचालकों को खेत से कारखाने तक की पूरी प्रक्रिया की लगातार जानकारी उपलब्ध कराने और समस्याएं सामने आने से पहले उनका अनुमान लगाने में मदद करने का लक्ष्य रखते हैं। महुरकर के अनुसार, इस प्रणाली को भारतीय चीनी मिलों की वास्तविक परिचालन परिस्थितियों को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है। इनमें गन्ने की उपलब्धता में बदलाव, शीरे (मोलासेस) की अर्थव्यवस्था और मौसमी पेराई चक्र जैसी परिस्थितियां शामिल हैं।

















