चीनी मिलें 3,600 रुपये प्रति टन गन्ना मूल्य देने को तैयार : मंत्री सतीश जारकीहोली

बेलगावी (कर्नाटक) : लोक निर्माण विभाग एवं जिला प्रभारी मंत्री सतीश जारकीहोली ने बुधवार को घोषणा की कि, बेलगावी जिले की चीनी मिलें किसानों को गन्ने के लिए 3,600 रुपये प्रति टन भुगतान करने पर सहमत हो गई हैं। उन्होंने कहा कि, अन्य जिलों की चीनी मिलें भी किसानों को दिए जाने वाले गन्ना मूल्य के संबंध में जल्द निर्णय लेंगी। बुधवार सुबह से ही किसान मंत्री सतीश जारकीहोली के जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचने और चीनी मिलों द्वारा सहमत किए गए गन्ना मूल्य की घोषणा का इंतजार कर रहे थे। शाम को कार्यालय पहुंचने के बाद उन्होंने किसान प्रतिनिधियों के साथ एक और दौर की चर्चा की।

बैठक में किसान प्रतिनिधियों ने मंत्री से प्रतिटन 4,000 रुपये गन्ना मूल्य घोषित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि, इसके बाद किसान सरकार से अतिरिक्त आर्थिक सहायता की मांग करेंगे। किसानों ने मंत्री से जल्द निर्णय घोषित करने का आग्रह किया। उनका कहना था कि, किसानों और चीनी मिल प्रतिनिधियों के साथ पहले ही कई दौर की चर्चा हो चुकी है।किसान प्रतिनिधियों ने बताया कि, गन्ने की लगभग 25 प्रतिशत फसल सूख चुकी है। यदि गन्ने की कटाई में और देरी हुई तो पूरी फसल खराब होने का खतरा है। इससे छोटे किसानों को सबसे अधिक नुकसान होगा, क्योंकि वे लगातार हो रहे आर्थिक नुकसान को सहन करने की स्थिति में नहीं हैं।

ChiniMandi WhatsApp Channel

इस पर मंत्री जारकीहोली ने कहा कि, प्रतिटन 4,000 रुपये की मांग पूरी करना मुश्किल होगा। इसके बाद वे कुछ समय के लिए बैठक से बाहर गए और अन्य संबंधित लोगों के साथ चर्चा की। बाद में पत्रकारों से बातचीत करते हुए जारकीहोली ने बताया कि, जिले की चीनी मिलों ने सरकार के अनुरोध पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए गन्ने के लिए 3,600 रुपये प्रति टन भुगतान करने पर सहमति जताई है। उन्होंने किसानों से पेराई सत्र शुरू करने की अनुमति देने और मिलों को सहयोग करने की अपील की। साथ ही, चीनी मिलों को यह राशि एकमुश्त भुगतान करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि, यदि भविष्य में चीनी का न्यूनतम बिक्री मूल्य (MSP) बढ़ता है, तो चीनी मिलों को किसानों को अधिक गन्ना मूल्य देना होगा। इसके अलावा, मिलों को होने वाले अतिरिक्त मुनाफे में किसानों की हिस्सेदारी सुनिश्चित करने के लिए भी कहा गया है। घोषित 3,600 रुपये प्रति टन की राशि में गन्ने की कटाई और परिवहन का खर्च शामिल नहीं होगा।

आंदोलन वापस लेने की मंत्री की अपील

मंत्री जारकीहोली ने कर्नाटक राज्य रायथा संघ एवं हरी सेना के प्रदेश अध्यक्ष चुनप्पा पुजेरी और मानद अध्यक्ष शशिकांत गुरुजी के नेतृत्व में चल रहे ‘जेल भरो’ आंदोलन को वापस लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि, किसानों की मांगों पर भी चर्चा की गई है। पेराई कार्य शुरू करने में देरी होने से किसानों और चीनी मिलों दोनों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। इससे पहले मंगलवार रात को भी जारकीहोली ने किसान प्रतिनिधियों और चीनी मिल संचालकों के साथ चर्चा की थी, लेकिन उस बैठक में सहमति नहीं बन पाई थी। किसानों ने मिलों की ओर से दिए गए 3,500 रुपये प्रति टन के प्रस्ताव को ठुकरा दिया था। किसानों ने चीनी मिलों से 4,500 रुपये प्रति टन गन्ना मूल्य और राज्य सरकार से अतिरिक्त 1,000 रुपये प्रति टन आर्थिक सहायता देने की मांग की थी। इसके अलावा, चीनी की बिक्री से होने वाले मुनाफे में किसानों की हिस्सेदारी तय करने के लिए समझौता करने की मांग भी उठाई गई थी।

जेल भरो आंदोलन करने की घोषणा

इस बीच, कर्नाटक राज्य रायथा संघ एवं हरी सेना के बैनर तले जेल भरो आंदोलन के लिए निकले किसान बुधवार शाम बेलगावी तालुका के भूतारामनहट्टी गांव स्थित मुक्तिमठ पहुंचे।किसानों ने घोषणा की कि वे गुरुवार दोपहर सामूहिक गिरफ्तारी देंगे। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष चुनप्पा पुजेरी ने मांग की कि किसानों को पहली किस्त के रूप में 3,650 रुपये प्रति टन दिए जाएं। साथ ही, चीनी की कीमतों में वृद्धि को देखते हुए भविष्य में होने वाले अतिरिक्त मुनाफे में किसानों की हिस्सेदारी सुनिश्चित करने के लिए लिखित समझौता किया जाए।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here