नई दिल्ली: सितंबर में वैश्विक खाद्य कीमतों में बढ़ोतरी दर्ज की गई। परिवहन व्यवस्था में बाधा और मौसम संबंधी चिंताओं के कारण वैश्विक आपूर्ति पर दबाव बढ़ा, जिससे चीनी, अनाज, वनस्पति तेल और अन्य कृषि जिंसों की कीमतों में तेजी आई। वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के अनुसार, संयुक्त राष्ट्र के खाद्य एवं कृषि संगठन (FAO) का खाद्य मूल्य सूचकांक सितंबर में बढ़कर 136 अंक पर पहुंच गया। FAO खाद्य मूल्य सूचकांक सितंबर में अगस्त की तुलना में 1.5% और पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 5.8% बढ़ा। इस तेजी में चीनी और अनाज की कीमतों में वृद्धि की प्रमुख भूमिका रही। परिवहन संबंधी व्यवधानों और प्रतिकूल मौसम ने भी वैश्विक कमोडिटी बाजारों पर दबाव बढ़ाया।
चीनी की कीमतों में लगातार तीसरे महीने तेजी
सितंबर में चीनी की कीमतों में 6.1% की बढ़ोतरी हुई। यह लगातार तीसरे महीने की तेजी है और चीनी की कीमतें अप्रैल 2025 के बाद के उच्चतम स्तर पर पहुंच गईं। चीनी बाजार में तेजी का मुख्य कारण 2026-27 सीजन में वैश्विक आपूर्ति कम रहने की आशंका है। थाईलैंड सहित कई प्रमुख चीनी उत्पादक क्षेत्रों में उत्पादन की संभावनाएं कमजोर हुई है। भारत में भी सामान्य से कम बारिश और मजबूत होते अल नीनो (El Niño) प्रभाव के कारण फसल को लेकर चिंता बढ़ी है।ब्राजील में भारी बारिश के कारण सेंटर-साउथ क्षेत्र में गन्ने की कटाई प्रभावित हुई है। वहीं, यूरोपीय संघ में चीनी चुकंदर (Sugar Beet) की बुवाई कम रहने से भी वैश्विक आपूर्ति पर दबाव बढ़ने की आशंका है।
FAO के मुख्य अर्थशास्त्री मैक्सिमो टोरेरो ने कहा कि वैश्विक कमोडिटी कीमतों पर व्यापक स्तर पर तेजी का दबाव बढ़ रहा है। होर्मुज जलडमरूमध्य और काला सागर क्षेत्र में व्यवधानों के साथ जलवायु संबंधी झटकों ने स्थिति को और चुनौतीपूर्ण बनाया है। उन्होंने चेतावनी दी कि ऊर्जा, परिवहन और खाद्य जिंसों की कीमतों में लगातार वृद्धि का असर अंततः उपभोक्ताओं के खाद्य खर्च पर भी पड़ सकता है।
अनाज की कीमतों में भी जोरदार तेजी
सितंबर में अनाज मूल्य सूचकांक में 5.1% की वृद्धि हुई और यह पिछले वर्ष की तुलना में 17.2% अधिक रहा। गेहूं की कीमतें अगस्त 2023 के बाद के उच्चतम स्तर पर पहुंच गईं। काला सागर क्षेत्र में व्यापारिक व्यवधान और उत्तरी अमेरिका के कुछ हिस्सों में शुष्क मौसम ने कीमतों को समर्थन दिया। वहीं, मक्का (Maize) की कीमतें तीन साल से अधिक समय के उच्चतम स्तर पर पहुंच गईं। अमेरिका में उम्मीद से कम उत्पादन और ब्राजील से कम निर्यात उपलब्धता के कारण आपूर्ति का अनुमान कमजोर हुआ। सितंबर में ज्वार, जौ और चावल की कीमतों में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई। मौसम संबंधी चिंताओं और मौसमी रूप से कम आपूर्ति के कारण चावल की कीमतों को समर्थन मिला।


















