कोल्हापुर : घरेलू बाजार में चीनी की कीमतों में पिछले एक महीने के दौरान प्रति क्विंटल 400 रुपये की तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई है। सामान्य से कम मानसूनी बारिश, अल नीनो के असर और घरेलू आपूर्ति को लेकर बढ़ती चिंताओं के कारण चीनी के दाम बढ़े हैं, जिससे चीनी मिलों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि की उम्मीद है। महाराष्ट्र में एस-ग्रेड चीनी का भाव एक महीने पहले 3800 रुपये प्रति क्विंटल था, जो अब बढ़कर 4200 रुपये प्रति क्विंटल हो गया है। घरेलू बाजार में आई इस तेजी से चीनी उद्योग को बड़ा आर्थिक लाभ मिलने की संभावना जताई जा रही है।
मिलों को मिल सकता है 11,000 करोड़ रुपये का अतिरिक्त राजस्व
उद्योग के अनुमान के अनुसार यदि पूरे चीनी सीजन के दौरान कीमतें मौजूदा स्तर पर बनी रहती हैं, तो चीनी मिलों को अतिरिक्त 11,000 करोड़ रुपये तक की आय हो सकती है। इससे मिलों की वित्तीय स्थिति में उल्लेखनीय सुधार आने की उम्मीद है। उद्योग विशेषज्ञों के अनुसार, जून महीने में मानसून की देरी और गन्ना उत्पादक क्षेत्रों में सामान्य से कम बारिश के कारण खड़ी गन्ना फसल को लेकर चिंता बढ़ गई थी। इससे अगले वर्ष चीनी उत्पादन में कमी की आशंका बनी, जिसका असर बाजार पर पड़ा और चीनी की कीमतों में तेजी देखने को मिली।
त्योहारी मांग से कीमतें मजबूत रहने की उम्मीद
जेके इंडिया ई-एग्रीटेक लिमिटेड के निदेशक हेमंत शाह ने कहा कि,आने वाले महीनों में त्योहारी सीजन के दौरान चीनी की मांग बढ़ने से कीमतों में मजबूती बनी रहने की संभावना है। उन्होंने बताया कि, केंद्र सरकार ने मई में घरेलू उपलब्धता सुनिश्चित करने और अल नीनो के संभावित प्रभाव को देखते हुए चीनी निर्यात पर प्रतिबंध लगाया था। निर्यात पर रोक और मौसम संबंधी चिंताओं के कारण घरेलू बाजार में चीनी की उपलब्धता सीमित रहने की उम्मीद है, जिससे कीमतों को समर्थन मिल रहा है।
जुलाई में बिक्री कोटा से मिलों को 1,000 करोड़ रुपये अतिरिक्त आय का अनुमान
हेमंत शाह ने आगे बताया कि, सरकार ने जुलाई 2026 के लिए घरेलू बाजार में बिक्री हेतु 22 लाख मीट्रिक टन चीनी का मासिक कोटा निर्धारित किया था, जबकि जून 2026 में यह कोटा 22.5 लाख मीट्रिक टन रखा गया। उन्होंने कहा कि, चीनी के दाम में प्रति क्विंटल 400 रुपये की बढ़ोतरी को देखते हुए, इस महीने केवल आवंटित कोटे की बिक्री से ही चीनी मिलों को करीब 1,000 करोड़ रुपये की अतिरिक्त आय हो सकती है। वहीं अगस्त में घरेलू चीनी बिक्री 23 से 24 लाख टन रहने का अनुमान है।
SEIC 2026 में पहले ही जताई गई थी तेजी की संभावना
मुंबई में ‘चिनीमंडी’ द्वारा आयोजित शुगर, एथेनॉल एंड बायोएनर्जी कॉन्फ्रेंस (SEIC 2026) के दौरान जून में ही विशेषज्ञों ने चीनी की उपलब्धता कम रहने के कारण कीमतों में तेजी आने की संभावना जताई थी। हाल के सप्ताहों में हुई व्यापक बारिश से मिट्टी में नमी बढ़ी है और पहले गर्मी तथा कम वर्षा से प्रभावित गन्ना फसल को राहत मिली है। इसके बावजूद उद्योग का मानना है कि, इस वर्ष चीनी उत्पादन अपेक्षाकृत कम रह सकता है। इससे घरेलू आपूर्ति पर दबाव बना रहेगा और आने वाले महीनों में चीनी की कीमतें ऊंचे स्तर पर बनी रह सकती हैं।


















