चीनी के दाम बढ़े, अब गन्ना किसानों को 500 रुपये की दूसरी किस्त दें मिलें : पूर्व सासंद राजू शेट्टी की मांग

कोल्हापुर (महाराष्ट्र): चीनी की बढ़ती कीमतों को देखते हुए प्रत्येक चीनी मिल को गन्ना उत्पादक किसानों को प्रति टन 500 रुपये की दूसरी किस्त देनी चाहिए। स्वाभिमानी शेतकरी संगठन के संस्थापक राजू शेट्टी ने यह मांग की है।शेट्टी ने कहा कि, भले ही पहले की चीनी कम कीमत पर बेची गई हो, लेकिन अब बची हुई चीनी को मिल रहे ऊंचे दाम को देखते हुए किसानों को 400 से 500 रुपये प्रति टन अतिरिक्त भुगतान करने में चीनी मिलों को कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए।

चीनी की कीमतों में अचानक तेजी पर सवाल

ChiniMandi WhatsApp Channel

चीनी की कीमतों में अचानक आई तेजी को संदिग्ध बताते हुए राजू शेट्टी ने देश के चीनी बाजार में 20 से 22 हजार करोड़ रुपये के काले बाजार की आशंका जताई है। उन्होंने कहा कि, कुल फसल और उपलब्ध पानी की स्थिति को देखते हुए अगले सीजन में देश की जरूरत के मुताबिक पर्याप्त चीनी उत्पादन होने की संभावना स्पष्ट है। केंद्र सरकार ने चीनी आयात का फैसला किया है, लेकिन अक्टूबर से पहले विदेशों से चीनी आने की संभावना नहीं है, ऐसा भी दावा उन्होंने किया।

शेट्टी के अनुसार, चीनी मिलों में उपलब्ध मौजूदा स्टॉक को देखते हुए दिवाली के बाद भी देश में पर्याप्त चीनी बची रह सकती है। ऐसे में चीनी की कीमतों में अचानक हुई तेजी संदेह पैदा करती है। उन्होंने कहा, “मैं किसान नेता हूं और चीनी की कीमत बढ़ने से मुझे भी खुशी हुई। लेकिन इसके तुरंत बाद चीनी मिल मालिकों ने यह कहना शुरू कर दिया कि उन्होंने पहले ही अपनी चीनी बेच दी है और उनके पास ज्यादा स्टॉक नहीं बचा है। ”शेट्टी ने आरोप लगाया कि, इससे ऐसा लगता है कि अगले दो महीनों में चीनी के दाम बढ़ाने की योजना पहले से बनाई गई थी। उनके अनुसार, व्यापारियों ने कम कीमत पर चीनी खरीदकर उसे वहीं चीनी मिलों के गोदामों में रख दिया है।

चीनी स्टॉक की जांच की मांग

राजू शेट्टी ने आरोप लगाया कि, अब बाजार में आने वाली चीनी में व्यापारियों की चीनी के साथ-साथ ऐसी चीनी भी शामिल हो सकती है, जो रिकवरी में हेराफेरी करके रिकॉर्ड में दर्ज नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि, कीमतों में बढ़ोतरी का फायदा इसी चीनी को मिलेगा और इससे होने वाला पैसा कथित तौर पर रिकवरी में हेराफेरी करने वाले मिल मालिकों और व्यापारियों के पास जा सकता है। शेट्टी ने सरकार से मांग की कि, हर चीनी मिल के पास कितना स्टॉक बचा है, इसकी जानकारी ली जाए। उन्होंने अचानक छापेमारी कर यह जांच करने की मांग की कि मिलों द्वारा बताए गए स्टॉक से ज्यादा चीनी उनके पास मौजूद है या नहीं।

इसके अलावा, चीनी की आवाजाही की भी जांच होनी चाहिए और यह देखा जाना चाहिए कि उसके पास बिक्री एवं परिवहन से संबंधित वैध रसीदें और दस्तावेज हैं या नहीं। शेट्टी ने एक बार फिर देशभर में चीनी के कारोबार में 20 से 22 हजार करोड़ रुपये तक के काले बाजार की आशंका व्यक्त की है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here