कीव: यूक्रेन में घरेलू चीनी की कीमतें बढ़कर 21,000 से 23,000 यूक्रेनी ह्रीव्निया (UAH) प्रति टन तक पहुंच गई हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार के रुझानों और उत्पादन अनुमान में कमी के चलते स्थानीय बाजार में यह तेजी देखी गई है। रिपोर्ट के अनुसार, वैश्विक चीनी बाजार को लेकर विश्लेषकों ने 2026-27 विपणन वर्ष के लिए अधिशेष उत्पादन का अनुमान घटाकर 1.1 मिलियन टन कर दिया है। मार्च के अनुमान की तुलना में यह करीब 3 लाख टन कम है। साथ ही वैश्विक चीनी उत्पादन का अनुमान घटाकर 180.4 मिलियन टन कर दिया गया है, जबकि खपत का अनुमान बढ़कर 179.3 मिलियन टन पहुंच गया है।
विशेषज्ञों का कहना है कि, एल नीनो प्रभाव के कारण भारत और थाईलैंड में गर्म और शुष्क मौसम से गन्ना उत्पादन प्रभावित हो सकता है, जबकि ब्राजील में अधिक वर्षा से गन्ना पेराई की गति धीमी पड़ सकती है। इन कारकों से वैश्विक आपूर्ति पर दबाव बन रहा है। रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि, तेल और पेट्रोलियम उत्पादों की बढ़ती कीमतों के चलते गन्ने का अधिक उपयोग एथेनॉल उत्पादन में किया जा रहा है, जिससे चीनी उत्पादन में कमी की आशंका बढ़ी है। इसी कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में उतार-चढ़ाव के बावजूद यूक्रेन में घरेलू कीमतों में बढ़ोतरी दर्ज की गई। हालांकि, यूरोपीय संघ के बाजार बंद होने और मांग में कमी के कारण यूक्रेन में चीनी कीमतों पर दबाव बना हुआ है, लेकिन वैश्विक बाजार के साथ तालमेल में घरेलू कीमतें फिर भी बढ़कर 21-23 हजार UAH प्रति टन तक पहुंच गई हैं।

















