बर्लिन : 2026-27 के सीजन में जर्मनी का चुकंदर आधारित रिफाइंड चीनी उत्पादन तेजी से घटकर 33.3 लाख मीट्रिक टन रहने का अनुमान है। पिछले सीजन में यह उत्पादन 44.21 लाख मीट्रिक टन था। देश के चीनी उद्योग संघ WVZ के अनुसार, उत्पादन में करीब 25 प्रतिशत की गिरावट आने की संभावना है। मार्केटस्क्रीनर ने रॉयटर्स की रिपोर्ट के हवाले से यह जानकारी दी है। WVZ का ताजा अनुमान सितंबर में जारी किए गए 33.86 लाख मीट्रिक टन के अनुमान से मामूली अधिक है।
चुकंदर के रकबे में बड़ी कमी
उत्पादन में संभावित गिरावट का प्रमुख कारण चीनी चुकंदर की खेती के रकबे में बड़ी कमी आई है। यूरोपीय संघ के चीनी बाजार में अधिक आपूर्ति की स्थिति को देखते हुए उत्पादकों ने किसानों को चुकंदर की बुवाई कम करने के लिए प्रोत्साहित किया था। इसके अलावा, गर्मियों के दौरान सूखे की स्थिति का भी चुकंदर की फसल पर असर पड़ा। WVZ के अनुसार, जर्मन किसानों ने 2026-27 की फसल के लिए चीनी चुकंदर का रकबा घटाकर 2,99,970 हेक्टेयर कर दिया, जो पिछले सीजन में 3,48,678 हेक्टेयर था।
चीनी मिलों को चुकंदर की आवक भी घटेगी
नए सीजन में चीनी मिलों को चुकंदर की आपूर्ति 2.1366 करोड़ टन रहने का अनुमान है, जबकि पिछले सीजन में मिलों को 2.862 करोड़ टन चुकंदर प्राप्त हुआ था। इससे चीनी मिलों में पेराई के लिए उपलब्ध चुकंदर की मात्रा में भी उल्लेखनीय कमी आने की संभावना है। चुकंदर की औसत पैदावार भी घटने का अनुमान है। 2026-27 सीजन में औसत उपज 71.2 टन प्रति हेक्टेयर रहने की संभावना है, जबकि पिछले सीजन में यह 82.1 टन प्रति हेक्टेयर थी। इस तरह रकबे में कमी के साथ प्रति हेक्टेयर उपज में गिरावट भी जर्मनी के कुल चीनी उत्पादन पर दबाव डाल रही है।
चीनी की मात्रा 17.6% पर लगभग स्थिर रहने का अनुमान
उत्पादन में गिरावट के बावजूद चुकंदर में चीनी की मात्रा लगभग स्थिर रहने का अनुमान है। WVZ के अनुसार, चुकंदर में औसत चीनी की मात्रा 17.6 प्रतिशत रहने की संभावना है। संघ ने कहा कि गर्मियों के दौरान लंबे समय तक मिली धूप से चुकंदर में चीनी की मात्रा को लाभ मिला है। फिलहाल जर्मनी में चीनी चुकंदर की कटाई जारी है। नई फसल को चीनी मिलों में भेजा जा रहा है, जहां आगामी सीजन के लिए चुकंदर की प्रोसेसिंग और चीनी उत्पादन की प्रक्रिया चल रही है।


















