महाराष्ट्र में इस सीजन में चीनी उत्पादन 85 लाख टन से नीचे रहने की आशंका: NFCSF प्रमुख

पुणे: महाराष्ट्र में आगामी गन्ना पेराई सत्र के दौरान चीनी उत्पादन राज्य सरकार के अनुमान से काफी कम रह सकता है। चीनी मिलें करीब 80 दिनों से अधिक चलने की संभावना नहीं है, जबकि कुल चीनी उत्पादन 85 लाख टन से अधिक नहीं रहने का अनुमान है। फ्री प्रेस जर्नल में प्रकाशित खबर के अनुसार नेशनल फेडरेशन ऑफ कोऑपरेटिव शुगर फैक्ट्रीज लिमिटेड (NFCSF) के अध्यक्ष हर्षवर्धन पाटिल ने पुणे में पत्रकारों से बातचीत के दौरान यह बात कही।

गन्ने की उपलब्धता और चीनी रिकवरी को लेकर चिंता

ChiniMandi WhatsApp Channel

पाटिल ने कहा कि, गन्ने की उपलब्धता और चीनी रिकवरी को लेकर पैदा हुई चिंताओं के बीच NFCSF ने राज्य सरकार को जमीनी स्थिति से अवगत करा दिया है। राज्य सरकार ने करीब 112 लाख टन चीनी उत्पादन का अनुमान लगाया है। यह अनुमान प्रति हेक्टेयर 81 टन गन्ना उत्पादन और 11.25 प्रतिशत चीनी रिकवरी के आधार पर लगाया गया है। हालांकि, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने कम गन्ना उत्पादन और कम रिकवरी का हवाला देते हुए इस अनुमान पर सवाल उठाए हैं। पाटिल के मुताबिक, पिछले सीजन में महाराष्ट्र की चीनी मिलें करीब 104 दिनों तक चली थीं और इथेनॉल उत्पादन के लिए चीनी के डायवर्जन को ध्यान में रखने के बाद लगभग 104 लाख टन चीनी का उत्पादन हुआ था।

चीनी मिलों पर आर्थिक दबाव

उत्पादन को लेकर चिंता के साथ-साथ पाटिल ने चीनी मिलों पर बढ़ते आर्थिक दबाव का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने चीनी के न्यूनतम बिक्री मूल्य (MSP) को बढ़ाकर 45 से 50 रुपये प्रति किलो करने की उद्योग की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि, बढ़ती इनपुट लागत और उत्पादन खर्च के बावजूद पिछले आठ वर्षों से चीनी का MSP नहीं बदला गया है। NFCSF ने चीनी मिलों को गन्ने की कटाई और परिवहन, कर्मचारियों के वेतन तथा रखरखाव जैसे खर्चों को पूरा करने में मदद के लिए सॉफ्ट लोन पैकेज की भी मांग की है। पाटिल ने बताया कि, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उद्योग को आश्वासन दिया है कि इस संबंध में प्रस्ताव राज्य मंत्रिमंडल के समक्ष रखा जाएगा। साथ ही, सरकार ऐसे ऋणों के लिए गारंटी देने की संभावनाओं पर भी विचार करेगी।

अवैध गुड़ इकाइयों पर कार्रवाई की मांग

पाटिल ने अवैध रूप से गुड़ बनाने वाली इकाइयों के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग की। उनका कहना है कि, ये इकाइयां चीनी मिलों से गन्ने को दूसरी ओर मोड़ती हैं और इससे गन्ना बाजार में असंतुलन पैदा होता है। NFCSF लंबे समय से चीनी की कीमतों और गन्ने के उचित एवं लाभकारी मूल्य (FRP) के बीच मजबूत संबंध स्थापित करने की मांग करता रहा है। संगठन का मानना है कि, इससे चीनी मिलों की वित्तीय स्थिति मजबूत होगी और किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जा सकेगा। NFCSF ने आरक्षित गन्ना क्षेत्र व्यवस्था जारी रखने, चीनी मिलों के बीच 25 किलोमीटर की न्यूनतम दूरी के नियम को बनाए रखने और लंबे समय तक स्थिर नीतियां लागू करने की भी वकालत की है।

चीनी की कीमत बढ़ने के बावजूद कमी नहीं

ये टिप्पणियां चीनी उद्योग के उस बयान के कुछ दिनों बाद आई हैं, जिसमें उद्योग ने कहा था कि खुदरा कीमतों में तेज बढ़ोतरी के बावजूद देश में चीनी की कोई कमी नहीं है। NFCSF के अनुसार, मिल स्तर पर चीनी की कीमतें कुछ समय के लिए करीब 50 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई थीं, लेकिन इसके बाद इनमें लगभग 30 प्रतिशत की गिरावट आई।संगठन ने कहा कि, इस अस्थायी मूल्य वृद्धि से मिलों को ज्यादा फायदा नहीं हुआ, क्योंकि केवल करीब 1 से 1.5 लाख टन चीनी ही ऊंची कीमतों पर बेची जा सकी। वहीं, उद्योग ने चीनी की औसत उत्पादन लागत 42 से 43 रुपये प्रति किलो आंकी है।

चीनी मिलों को बायोएनर्जी केंद्र बनाने पर जोर

पाटिल ने सहकारी चीनी मिलों को भविष्य में एकीकृत बायोएनर्जी केंद्रों में बदलने की जरूरत पर भी जोर दिया। उन्होंने कंप्रेस्ड बायोगैस (CBG) को विविधीकरण के बड़े अवसर के रूप में बताया। उन्होंने कहा कि चीनी मिलों के पास प्रेसमड, स्पेंट वॉश, बगास और कृषि अवशेष जैसे संसाधन उपलब्ध हैं। इन्हें केवल कचरा या उप-उत्पाद मानने के बजाय ऊर्जा स्रोत और अतिरिक्त आय के साधन के रूप में इस्तेमाल किया जाना चाहिए। NFCSF कृषि क्षेत्र के आधुनिकीकरण के लिए प्रिसीजन एग्रीकल्चर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, आधुनिक गन्ना प्रबंधन, ऑटोमेशन और ऊर्जा-कुशल प्रोसेसिंग को भी बढ़ावा दे रहा है।

गन्ने की नई किस्मों के लिए 90 करोड़ रुपये का प्रस्ताव

NFCSF ने कोयंबटूर स्थित ICAR-शुगरकेन ब्रीडिंग इंस्टीट्यूट में गन्ने की उन्नत किस्मों के विकास के लिए 90 करोड़ रुपये के ग्लोबल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर एक्सेलेरेटेड शुगरकेन ब्रीडिंग की स्थापना का प्रस्ताव दिया है। प्रस्तावित केंद्र का उद्देश्य जीनोमिक्स, आणविक प्रजनन और अन्य आधुनिक तकनीकों की मदद से अधिक उत्पादन देने वाली, जलवायु-अनुकूल तथा रोग और कीट प्रतिरोधी गन्ने की किस्में विकसित करना होगा। पाटिल ने कहा कि भारत के सहकारी चीनी क्षेत्र का भविष्य केवल पारंपरिक चीनी उत्पादन पर निर्भर रहने से नहीं, बल्कि किसान-केंद्रित गन्ना विकास, आर्थिक रूप से टिकाऊ चीनी मूल्य निर्धारण, इथेनॉल और CBG उत्पादन में विविधीकरण, तकनीक के इस्तेमाल और आधुनिकीकरण को साथ लेकर चलने में है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here