महाराष्ट्र में चीनी उत्पादन घटने का अनुमान, अगले सीजन में 90.18 लाख टन उत्पादन का लक्ष्य

पुणे: महाराष्ट्र में वर्ष 2026-27 के चीनी सीजन के दौरान चीनी उत्पादन में पिछले सीजन की तुलना में लगभग 9 लाख टन की गिरावट आने का अनुमान है। हिंदुस्तान टाइम्स में प्रकाशित खबर के अनुसार, कम बारिश और गन्ने की गुणवत्ता खराब होने की आशंकाओं के बीच राज्य के चीनी आयुक्तालय ने उत्पादन का अनुमान संशोधित कर 90.18 लाख टन कर दिया है। यह नया अनुमान सितंबर में लगाए गए 102.5 लाख टन के अनुमान से काफी कम है। अपर्याप्त बारिश को देखते हुए राज्य सरकार ने संबंधित विभाग को चीनी उत्पादन के अनुमान का दोबारा आकलन करने का निर्देश दिया था।

महाराष्ट्र ने 2025-26 के चीनी सीजन में 99 लाख टन से अधिक चीनी का उत्पादन किया था। इस प्रदर्शन के साथ राज्य देशभर में चीनी उत्पादन के मामले में पहले स्थान पर रहा था। राज्य के चीनी आयुक्त संजय कोलते ने हिंदुस्तान टाइम्स से पुष्टि की कि संशोधित अनुमान अगस्त तक उपलब्ध गन्ने की उपलब्धता से जुड़े आंकड़ों के आधार पर तैयार किया गया है।कोलते ने सोमवार को कहा, “कृषि और जलवायु संबंधी परिस्थितियों के कारण अगले सीजन में राज्य का चीनी उत्पादन घटने की संभावना है।” आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, विभाग सितंबर महीने में गन्ने की उपलब्धता से जुड़े आंकड़े जुटा रहा है। इन आंकड़ों को शामिल करने के बाद उत्पादन के अनुमान में मामूली बदलाव हो सकता है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

गन्ना उत्पादन और चीनी रिकवरी दर का अनुमान

संशोधित अनुमान के अनुसार, महाराष्ट्र में अगले सीजन के दौरान लगभग 1,127 लाख टन गन्ने का उत्पादन होने की संभावना है। गन्ने की खेती का कुल क्षेत्रफल 15.43 लाख हेक्टेयर से अधिक रहने का अनुमान है। प्रति हेक्टेयर औसत गन्ना उत्पादन 74 टन रहने की संभावना जताई गई है, जबकि चीनी रिकवरी दर 9.5 प्रतिशत रहने का अनुमान है। इसका अर्थ है कि 100 किलोग्राम गन्ने से लगभग 9.5 किलोग्राम चीनी प्राप्त होगी। इसके मुकाबले, 2025-26 के सीजन में राज्य में 1,316 लाख टन गन्ने का उत्पादन हुआ था। उस समय गन्ने की खेती का क्षेत्रफल 16 लाख हेक्टेयर से अधिक था और प्रति हेक्टेयर औसत उत्पादन 95 टन दर्ज किया गया था।

चीनी की कीमतों और बाजार में आपूर्ति पर नजर

राज्य के बाजारों में चीनी की कीमतें बढ़ने के बीच उत्पादन का अनुमान घटाए जाने से आगामी सीजन में आपूर्ति को लेकर सवाल उठने लगे हैं। केंद्र सरकार के हस्तक्षेप से खुदरा कीमतों को स्थिर रखने में मदद मिली है, लेकिन यदि उत्पादन में गिरावट के कारण मांग के मुकाबले आपूर्ति कम पड़ती है, तो बाजार पर दबाव बढ़ सकता है।चीनी आयुक्तालय के सूत्रों ने बताया कि त्योहारों के दौरान पर्याप्त चीनी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से केंद्र सरकार ने पेराई सीजन की शुरुआत 1 नवंबर के बजाय 15 अक्टूबर से करने का निर्णय लिया है।सूत्रों के मुताबिक, घरेलू बाजार में चीनी की खुदरा कीमतों में किसी बड़ी बढ़ोतरी की आशंका नहीं है। उन्होंने यह भी बताया कि कुछ चीनी मिलों में पेराई का काम पहले ही शुरू हो चुका है।

चीनी मिलों के सामने उत्पादन लक्ष्य हासिल करने की चुनौती

महाराष्ट्र राज्य सहकारी चीनी कारखाना संघ (MSCSFF) का कहना है कि, राज्य की 200 से अधिक निजी और सहकारी चीनी मिलों के लिए अनुमानित उत्पादन लक्ष्य हासिल करना चुनौतीपूर्ण हो सकता है। संघ के उपाध्यक्ष प्रताप ओहोल ने कहा, चीनी मिलें चीनी आयुक्तालय के अनुमान से अधिक उत्पादन करने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगी। हालांकि, अपर्याप्त बारिश और बढ़ते तापमान के कारण गन्ने की गुणवत्ता में काफी गिरावट आई है। इससे चीनी रिकवरी दर प्रभावित हो सकती है और परिणामस्वरूप कुल चीनी उत्पादन भी कम रह सकता है। ओहोल ने बताया कि, राज्य के कुछ गन्ना उत्पादक क्षेत्रों में फसल की अच्छी वृद्धि के लिए पर्याप्त बारिश पर काफी हद तक निर्भरता रहती है। इन क्षेत्रों में कम बारिश के कारण गन्ने की फसल का विकास प्रभावित हुआ है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here