चीनी सीजन 2026-27: महाराष्ट्र में अब तक 55 चीनी मिलें शुरू, 15 अक्टूबर से पेराई में आएगी तेजी

पुणे: महाराष्ट्र में गन्ना पेराई सीजन 2026-27 की शुरुआत हो चुकी है। महाराष्ट्र राज्य सहकारी चीनी मिल महासंघ (Maharashtra State Cooperative Sugar Factories Federation Ltd) के अनुसार, 13 अक्टूबर तक राज्य की 55 चीनी मिलों ने पेराई शुरू कर दी थी। राज्य सरकार ने 15 अक्टूबर से पेराई सीजन शुरू करने की अनुमति दी है। ऐसे में 15 अक्टूबर से पेराई गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है। फिलहाल सोलापुर और अहिल्यानगर जिलों में सबसे अधिक 11-11 चीनी मिलें शुरू हो चुकी हैं। इसके बाद पुणे और सातारा जिलों में 8-8 मिलों ने काम शुरू किया है। वहीं, कोल्हापुर में 3 और सांगली जिले में 4 चीनी मिलें शुरू हुई हैं।

इस साल के सीजन पर सुखे का संकट

ChiniMandi WhatsApp Channel

इस वर्ष सूखे के कारण चीनी मिलों के सामने पर्याप्त गन्ना उपलब्ध कराने की बड़ी चुनौती है। ऐसे में गन्ना हासिल करने के लिए मिलों के बीच प्रतिस्पर्धा बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं। बारिश नही होने से राज्य के कुछ हिस्सों में गन्ने की अपेक्षित वृद्धि नहीं हुई है। इस वजह से मिल प्रबंधन उपलब्ध गन्ना क्षेत्र और वास्तविक पेराई के लिए मिलने वाले गन्ने की मात्रा को ध्यान में रखकर योजना बना रहा है। गन्ने के वजन में भी बड़ी गिरावट आने की आशंका जताई जा रही है।

पर्याप्त गन्ना जुटाने के लिए मिलों की होगी भागदौड़

अधिक पेराई क्षमता वाली मिलों को अपनी क्षमता का पूरा उपयोग करने के लिए लगातार गन्ने की आपूर्ति जरूरी है। यदि उपलब्ध गन्ना अनुमान से कम रहा, तो पेराई के निर्धारित लक्ष्य हासिल करने में कठिनाइयां आ सकती हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए मिलें गन्ना कटाई दलों, ट्रैक्टरों, ट्रकों, बैलगाड़ियों और हार्वेस्टर की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दे रही हैं। गन्ना उत्पादक किसानों के साथ संपर्क बनाए रखना, कटाई का समय तय करना और परिवहन संबंधी बाधाओं को दूर करना इस सीजन में महत्वपूर्ण हो गया है। कुछ चीनी मिलें अपने निर्धारित कार्यक्षेत्र के अलावा जरूरत पड़ने पर दूसरे क्षेत्रों से भी गन्ना जुटाने की तैयारी कर रही हैं।

गन्ना कटाई के लिए 2,720 हार्वेस्टर तैयार

महाराष्ट्र में गन्ना कटाई के मशीनीकरण को प्राथमिकता दी जा रही है। इस वर्ष के पेराई सीजन के लिए राज्य में कुल 2,720 हार्वेस्टर उपलब्ध कराए गए हैं। इनमें से 321 हार्वेस्टर चीनी मिलों के अपने हैं, जबकि 2,399 हार्वेस्टर मिलों ने अनुबंध के आधार पर लिए हैं। दैनिक एग्रोवन में प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, इन मशीनों की मदद से लगभग 2,15,204 हेक्टेयर क्षेत्र में गन्ने की कटाई किए जाने की संभावना है। मजदूरों की कमी, समय पर कटाई पूरी करने की जरूरत और पेराई का बेहतर प्रबंधन करने के उद्देश्य से चीनी मिलें हार्वेस्टर के इस्तेमाल पर अधिक जोर दे रही हैं।

पश्चिम महाराष्ट्र में गन्ना मूल्य को लेकर आंदोलन तेज

पश्चिम महाराष्ट्र में गन्ने के उचित मूल्य की मांग को लेकर किसानों का आंदोलन तेज हो गया है। स्वाभिमानी शेतकरी संगठन के नेतृत्व में मंगलवार को सांगली, सातारा और सोलापुर जिलों में विभिन्न स्थानों पर रास्ता रोको और गन्ना परिवहन रोकने के आंदोलन किए गए। प्रदर्शनकारी किसानों ने गन्ने के लिए 5,500 रुपये प्रति टन मूल्य देने की मांग की। इस मांग को लेकर किसानों ने राजमार्गों पर धरना दिया और चीनी मिल संचालकों का ध्यान अपनी मांगों की ओर आकर्षित किया।पुणे-सोलापुर राजमार्ग पर तीन घंटे तक रास्ता रोको आंदोलन किया गया। सांगली में 150 से अधिक ट्रैक्टरों को रोका गया, जबकि सातारा में गन्ना परिवहन बंद कराने का प्रयास किया गया। इस तरह, इस साल का पेराई सीजन एक ओर सूखे की आशंका और गन्ने की संभावित कमी से प्रभावित है, तो दूसरी ओर गन्ने के मूल्य को लेकर किसानों के आंदोलन ने भी चुनौती बढ़ा दी है।

15 अक्टूबर से पेराई सीजन में तेजी आने की उम्मीद:चीनी आयुक्त

पेराई सीजन की तैयारियों को लेकर चीनीमंडी से बातचीत में महाराष्ट्र के चीनी आयुक्त डॉ. संजय कोलते ने बताया कि, चीनी मिलों को पेराई सीजन शुरू करने की अनुमति देने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। उन्होंने कहा कि, राज्य में पेराई सीजन सुचारु रूप से चल सके, इसके लिए संबंधित पक्षों के बीच उचित समन्वय बनाया जा रहा है। उनके अनुसार, 15 अक्टूबर से पेराई गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि सीमित गन्ना उपलब्धता, सूखे की आशंका और मूल्य संबंधी आंदोलन के बीच महाराष्ट्र की चीनी मिलें इस सीजन में किस तरह पेराई का संचालन करती हैं।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here