मुंबई: राज्य में इस वर्ष करीब 1,000 लाख टन गन्ना पेराई के लिए उपलब्ध होगा, ऐसा अनुमान कृषि विभाग और ‘मिटकॉन’ ने जताया है। हालांकि, राज्य के अधिकांश चीनी मिलर्स ने इस अनुमान पर आपत्ति जताई है। इसके मद्देनजर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गन्ने की उपलब्धता का दोबारा आकलन कर संशोधित जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। बुधवार (9 तारीख) को हुई मंत्रिमंडलीय समिति की बैठक में अनुमान जताया गया कि, इस वर्ष बारिश की कमी और अन्य कारणों से गन्ने के रकबे में कमी के साथ-साथ उत्पादन में भी बड़ी गिरावट हो सकती है।
राज्य में ‘एल नीनो’ के प्रभाव के कारण बारिश में बड़ी कमी दर्ज की गई है। इसका सीधा असर राज्यभर में गन्ने की फसल पर पड़ने की आशंका है। गन्ना मुख्य रूप से पानी पर निर्भर फसल है, इसलिए इसकी उत्पादकता में भी उल्लेखनीय गिरावट हो सकती है। पेराई सीजन की समीक्षा बैठक में कृषि विभाग के अनुमान के अनुसार 15.48 लाख हेक्टेयर, जबकि ‘मिटकॉन’ के अनुमान के अनुसार 15.43 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में गन्ना उपलब्ध होने की जानकारी दी गई। प्रस्तुति के दौरान यह भी बताया गया कि, गन्ने की औसत उत्पादकता प्रति हेक्टेयर 81 से 88 टन के बीच रह सकती है।
कृषि विभाग और ‘मिटकॉन’ के अनुमान के अनुसार राज्य में क्रमशः 1,238.40 लाख टन और 1,250 लाख टन गन्ने के उत्पादन का अनुमान लगाया गया है। हालांकि, बैठक में इन आंकड़ों पर आपत्ति जताई गई। राज्य में बारिश कम होने के कारण इस बार गन्ना पेराई का सीजन 100 दिनों के बजाय करीब 80 दिनों तक ही चलने की संभावना है। इससे गन्ने के उत्पादन में बड़ी गिरावट आने की आशंका है। कृषि विभाग और ‘मिटकॉन’ के अनुमान में बताई गई 80 से 81 टन प्रति हेक्टेयर उत्पादकता घटकर करीब 50 टन तक पहुंचने की संभावना जताई गई है।
इसके परिणामस्वरूप संभावित 11.25 प्रतिशत चीनी रिकवरी में भी कमी आने की आशंका है। बैठक में दावा किया गया कि पहले लगाए गए अनुमान के मुताबिक 111 लाख टन चीनी का उत्पादन होना संभव नहीं होगा। इसी को देखते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गन्ने की उपलब्धता, गन्ने के क्षेत्रफल और औसत उत्पादन का दोबारा आकलन करने के निर्देश दिए हैं। इसके अनुसार पेराई सीजन शुरू होने से पहले संशोधित अनुमान प्रस्तुत किया जाएगा।
राज्यभर में सूखे की स्थिति का खतरा बना हुआ है। बैठक में यह राय भी व्यक्त की गई कि इसका गन्ने के उत्पादन पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। इसलिए दोबारा आकलन करने के निर्देश दिए गए हैं। सहकारिता मंत्री बाबासाहेब पाटील ने बताया कि, नए सिरे से आकलन के बाद राज्य में चीनी उत्पादन के संशोधित अनुमान जारी किए जाएंगे।


















