सुवा: कठिन मौसम और खराब मिट्टी की परिस्थितियों को सहन करने की गन्ने की क्षमता जलवायु संबंधी बढ़ती चुनौतियों के बीच फिजी के लिए इसे और महत्वपूर्ण बना सकती है। फिजी सन ने फिजी शुगर रिसर्च इंस्टीट्यूट (SRIF) के नवनियुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी शैलेंद्र प्रसाद के हवाले से यह जानकारी दी है। प्रसाद के अनुसार, सूखा, बाढ़ और खराब मिट्टी को सहन करने की क्षमता के कारण गन्ना फिजी की अधिक जलवायु-सहनीय फसलों में शामिल है और देश के लिए एक महत्वपूर्ण कृषि संसाधन है। उन्होंने कहा कि गन्ने की यह सहनशीलता देश की गन्ना अनुसंधान और नीतिगत प्राथमिकताओं के केंद्र में बनी रहनी चाहिए।
उन्होंने उद्योग से गन्ने की लाभप्रदता और दीर्घकालिक संभावनाओं को लेकर लगातार बनी चिंताओं से आगे बढ़ने और किसानों, संगठनों तथा अन्य हितधारकों को शामिल करते हुए एक साझा रणनीति अपनाने का आह्वान किया। प्रसाद की रणनीति तीन प्रमुख प्राथमिकताओं पर केंद्रित है। इनमें बेहतर मिट्टी प्रबंधन, उर्वरक की बेहतर सिफारिशों और गन्ने की नई किस्मों के माध्यम से उत्पादन बढ़ाना, अधिक मशीनीकरण के जरिए उत्पादन लागत कम करना और गन्ने के साथ अन्य फसलों तथा पशुपालन को जोड़कर किसानों की आय बढ़ाना शामिल है।
सूखे और अल नीनो से किसानों के सामने चुनौती
फिजी में सूखे और अल नीनो की स्थिति के बीच प्रसाद ने चेतावनी दी कि मौजूदा गन्ना सीजन किसानों के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकता है। उन्होंने किसानों को सलाह दी कि जब तक पानी की उपलब्धता सीमित है, तब तक नए गन्ने की बुवाई को सीमित रखें। इसके बजाय भविष्य में मौसम की स्थिति बेहतर होने पर क्षेत्र विस्तार के लिए उपयोग किए जा सकने वाले गुणवत्तापूर्ण बीज गन्ने के उत्पादन पर ध्यान दिया जाए। किसान अपनी जमीन के एक हिस्से का उपयोग अन्य फसलों और पशुपालन के लिए भी कर सकते हैं।प्रसाद के अनुसार, संभावित रूप से 20-30% कृषि भूमि को वैकल्पिक गतिविधियों के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है, जबकि गन्ना मुख्य फसल बना रह सकता है।प्रसाद ने कहा कि फसल विविधीकरण से किसानों को बदलते मौसम और बाजार से जुड़े जोखिमों का सामना करने में मदद मिल सकती है।
मशीनीकरण और नई किस्मों पर जोर
उन्होंने कहा कि उत्पादकता बढ़ाने के लिए मशीनीकरण, मिट्टी के स्वास्थ्य और गन्ने की नई किस्मों के विकास में लगातार निवेश जरूरी होगा। SRIF का शोध उत्पादन बढ़ाने के साथ-साथ गन्ने की खेती की लागत कम करने पर केंद्रित रहेगा।प्रसाद के मुताबिक, चीनी उद्योग में किसानों और अन्य हितधारकों का भरोसा बहाल करने के लिए सभी पक्षों को दीर्घकालिक रणनीति के तहत मिलकर काम करना होगा।उनका मानना है कि कठिन जलवायु और मिट्टी की परिस्थितियों में गन्ने की सहनशीलता केवल चीनी उद्योग के भविष्य तक सीमित नहीं है, बल्कि यह फिजी की जलवायु संबंधी चुनौतियों से निपटने की व्यापक क्षमता में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

















