बेलगावी जिले के कुछ हिस्सों में गन्ने की फसल अत्यधिक गर्मी के कारण क्षतिग्रस्त: भाजपा नेता आर. अशोका

बेंगलुरु: कर्नाटक विधानसभा में वरिष्ठ बीजेपी नेता और विपक्ष के नेता आर. अशोका ने बुधवार को राज्य की कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाया कि, भीषण लू और राज्यभर में पानी की कमी के बीच किसानों की पूरी तरह उपेक्षा की जा रही है।उन्होंने कहा कि, तेज गर्मी के कारण फसलें नष्ट हो रही हैं, जबकि कई क्षेत्रों में पीने का पानी उपलब्ध नहीं है। उन्होंने राज्य सरकार की “किसान समर्थक प्रतिबद्धता” पर सवाल उठाया। अशोका के अनुसार, बेलगावी जिले के चिक्कोडी और निप्पाणी के कुछ हिस्सों में गन्ने की लगभग 20 प्रतिशत फसल अत्यधिक गर्मी के कारण पहले ही क्षतिग्रस्त हो चुकी है। उन्होंने यह भी कहा कि गदग जिले के 76 से अधिक गांवों में लोग गंभीर पेयजल संकट का सामना कर रहे हैं।

अशोका ने कहा कि काबिनी, कृष्णा और मलप्रभा जैसे जलाशयों में पानी उपलब्ध होने के बावजूद बिजली की कमी से किसान परेशान हैं। उन्होंने दावा किया कि अनियमित बिजली आपूर्ति के कारण किसान पंपसेट नहीं चला पा रहे हैं।अशोका ने यह भी दावा किया कि, गर्मी और बिजली कटौती दोनों के कारण खेतों में गन्ने की फसल सूख रही है और सरकार से पूछा कि किसानों की परेशानी दूर करने के लिए क्या कदम उठाए गए हैं। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को संबोधित करते हुए अशोका ने उनसे राजनीतिक अस्तित्व से ध्यान हटाकर उत्तर कर्नाटक के किसानों की स्थिति पर ध्यान देने की अपील की। उन्होंने फसल नुकसान मुआवजे की तत्काल घोषणा और प्रभावित गांवों में पेयजल आपूर्ति की उचित व्यवस्था की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी, यदि सरकार कार्रवाई करने में विफल रहती है, तो किसानों की पीड़ा इस प्रशासन के खिलाफ मजबूत जन आक्रोश में बदल जाएगी।

ChiniMandi WhatsApp Channel
Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here