कोल्हापुर : गन्ने के उचित और बढ़े हुए दाम की मांग को लेकर किणी टोल नाके पर गन्ना किसानों का चक्काजाम आंदोलन बुधवार सुबह भी जारी रहा। पुणे-बेंगलुरु राष्ट्रीय महामार्ग से यात्रा करने वाले वाहन चालकों को इस आंदोलन के कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पूर्व सांसद राजू शेट्टी के नेतृत्व में शुरू हुए इस आंदोलन को करीब 24 घंटे बीत जाने के बावजूद सरकार का कोई मंत्री या प्रतिनिधि प्रदर्शनकारियों से बातचीत करने और आंदोलन समाप्त कराने के लिए मौके पर नहीं पहुंचा है।
सैकड़ों गन्ना किसानों ने पूरी रात सड़क पर बिताई। पूर्व सांसद राजू शेट्टी भी रातभर आंदोलन स्थल पर मौजूद रहे। इससे एक रात पहले उन्होंने चेतावनी दी थी कि यदि गन्ने की कीमतों की मांग पूरी नहीं की गई, तो मुंबई और पुणे में दूध तथा सब्जियों की आपूर्ति बंद कर दी जाएगी। हाईवे पुलिस के अनुसार, कराड से कागल तक राष्ट्रीय महामार्ग के विभिन्न स्थानों पर यातायात को वैकल्पिक मार्गों से मोड़ा गया है। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का सख्ती से पालन करें, ताकि यातायात की समस्या और न बढ़े।
आंदोलन स्थल के दोनों ओर बड़ी संख्या में ट्रक अब भी फंसे हुए हैं। यातायात को सुचारु रखने के लिए पुणे की ओर जाने वाले वाहनों को कराड और पेठ नाका पर वैकल्पिक मार्गों से भेजा जा रहा है। वहीं, कोल्हापुर की ओर जाने वाले वाहनों के लिए सांगली फाटा, तोप, वाठार, कागल और उचगांव फाटा पर यातायात डायवर्ट किया गया है। सूत्रों के अनुसार, कोल्हापुर के जिलाधिकारी विजय राठौड़ इस मामले में हस्तक्षेप कर सकते हैं। बताया जा रहा है कि, उन्होंने चीनी मिल मालिकों से प्रस्ताव मांगा है। मिल मालिक पहली किस्त के रूप में प्रति टन 3,800 से 3,900 रुपये और पेराई सत्र समाप्त होने के बाद अतिरिक्त 150 से 200 रुपये प्रति टन देने की पेशकश करने को तैयार बताए जा रहे हैं।
आज केंद्रीय समिति करेगी विभिन्न पक्षों के साथ चर्चा
इस बीच, कर्नाटक का दौरा पूरा करने के बाद विशेषज्ञ रमेश चंद की अध्यक्षता में गठित केंद्रीय समिति आज पुणे स्थित चीनी आयुक्त कार्यालय में महाराष्ट्र के विभिन्न संबंधित पक्षों के साथ बैठक करेगी। इस समिति को चीनी उद्योग की दो प्रमुख मांगों पर विचार करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उद्योग की मांग है कि चीनी का न्यूनतम बिक्री मूल्य (MSP) बढ़ाकर 50 रुपये प्रति किलो किया जाए और एथेनॉल की खरीद कीमत 70 रुपये प्रति किलो निर्धारित की जाए। चीनी उद्योग का कहना है कि इन कीमतों में वृद्धि होने से मिलों की आर्थिक स्थिति बेहतर होगी और वे किसानों को गन्ने का भुगतान समय पर कर सकेंगी। अब इस केंद्रीय समिति की बैठक और प्रशासन के हस्तक्षेप से गन्ना दरों को लेकर जारी गतिरोध समाप्त होने की उम्मीद जताई जा रही है।


















