युगांडा में ‘ट्रैश कटौती’ समाप्त करने की मांग को लेकर गन्ना किसानों का विरोध तेज; हर साल 48 अरब शिलिंग का नुकसान

कंपाला: युगांडा के गन्ना किसानों ने चीनी मिलों द्वारा लागू की जा रही विवादास्पद 5 प्रतिशत “ट्रैश कटौती” को तत्काल समाप्त करने की मांग उठाई है। किसानों का कहना है कि, इस कटौती के कारण उन्हें हर वर्ष लगभग 48 अरब युगांडाई शिलिंग का नुकसान उठाना पड़ रहा है। किसानों का आरोप है कि, राष्ट्रपति के स्पष्ट निर्देश के बावजूद कई चीनी मिलें अब भी यह कटौती जारी रखे हुए हैं। युगांडा नेशनल एसोसिएशन ऑफ शुगरकेन ग्रोवर्स (UNASGO) के अनुसार, गन्ने की प्रत्येक टन आपूर्ति पर किसानों से 6,000 से 10,000 शिलिंग तक की कटौती की जाती है।यह कटौती गन्ने के साथ आने वाली पत्तियों, ऊपरी हिस्सों और अन्य गैर-गन्ना सामग्री के नाम पर की जाती है।

UNASGO का दावा है कि, इससे किसानों को प्रतिदिन करीब 19.4 करोड़ शिलिंग, प्रति माह 4.8 अरब शिलिंग और सालाना लगभग 48 अरब शिलिंग का नुकसान होता है। UNASGO के अध्यक्ष जूलियस कातेरेवु ने बताया कि बसोगा, बुन्योरो, उत्तरी और मध्य युगांडा के किसान नेताओं ने इस कटौती को समाप्त करने और एक समान पारदर्शी मापदंड लागू कराने के लिए दो सप्ताह के भीतर संयुक्त प्रयास करने का निर्णय लिया है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

उन्होंने कहा कि, किसान गुणवत्ता नियंत्रण के विरोधी नहीं हैं, लेकिन कटौती के लिए स्पष्ट और वैज्ञानिक आधार होना चाहिए। उनका तर्क है कि जिस सामग्री को “ट्रैश” बताया जाता है, वही चीनी मिलों में बिजली उत्पादन, उर्वरक और बैगास निर्माण के लिए उपयोग की जाती है। ऐसे में किसानों को इसके लिए दंडित करना उचित नहीं है।

राष्ट्रपति के आदेश के बावजूद जारी है विवाद…

यह विवाद अगस्त 2025 में राष्ट्रपति योवेरी मुसेवेनी द्वारा जारी उस निर्देश के बाद फिर से चर्चा में आया, जिसमें किसानों की शिकायतों को देखते हुए ट्रैश कटौती समाप्त करने का आदेश दिया गया था। हालांकि किसानों का कहना है कि इस आदेश का पालन पूरे देश में समान रूप से नहीं हो रहा है। UNASGO के मुताबिक, बसोगा और मध्य युगांडा की कई चीनी मिलें अभी भी कटौती कर रही हैं, जबकि बुन्योरो क्षेत्र की मिलों ने राष्ट्रपति के निर्देश का पालन किया है।किसानों के प्रतिनिधि रॉबर्ट अतुगोंजा ने कहा कि, यदि काकीरा और लुगाजी जैसी बड़ी चीनी मिलें भी आदेश का पालन नहीं करतीं, तो किसान इस मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर पर उठाएंगे और आगे की रणनीति तय करेंगे।

घटती कीमतों और बढ़ती लागत से परेशान किसान…

गन्ना उत्पादकों का कहना है कि, यह कटौती ऐसे समय में हो रही है जब गन्ने की कीमतें लगातार गिर रही हैं और उत्पादन लागत बढ़ रही है।किसानों के अनुसार, एक दशक पहले जहां गन्ने का मूल्य लगभग 1.75 लाख शिलिंग प्रति टन था, वहीं अब यह घटकर करीब 1.25 लाख शिलिंग रह गया है। आर्थिक दबाव के कारण किसान अब 18 महीने की परिपक्वता अवधि का इंतजार करने के बजाय 7 से 10 महीने में ही गन्ने की कटाई करने को मजबूर हो रहे हैं। इससे गन्ने की गुणवत्ता और उत्पादन दोनों प्रभावित हो रहे हैं।बसोगा क्षेत्र के किसान प्रतिनिधि ईसा बुधुगो ने आरोप लगाया कि कुछ मिलें ट्रैश की मात्रा को बढ़ा-चढ़ाकर दिखाती हैं। उन्होंने कहा कि वास्तविक ट्रैश 100 किलोग्राम से अधिक नहीं होता, लेकिन एक से दो टन तक की कटौती कर ली जाती है। वहीं, सीएन शुगरकेन ग्रोवर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष त्वालिकी इसाबिर्ये ने मांग की है कि न केवल कटौती बंद की जाए बल्कि किसानों से पहले की गई अन्यायपूर्ण कटौतियों की राशि भी वापस की जाए।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here