पीलीभीत (उत्तर प्रदेश) : गन्ना विकास समिति द्वारा एक दिवसीय गन्ना किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें किसानों को नई योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गन्ना राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार रहे। गोष्ठी को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री ने कहा कि, अधिक उपज देने वाले गन्ना किसानों और समय पर भुगतान करने वाली चीनी मिलों को मुख्यमंत्री पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कार्यक्रम से पहले गन्ना विकास परिषद के नव-निर्मित भवन का उद्घाटन भी किया।
राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार ने बताया कि, आज का किसान तकनीकी रूप से सशक्त और जागरूक हो चुका है। अब मोबाइल के जरिए उसे एक क्लिक पर खेती से जुड़ी जरूरी जानकारी मिल रही है, जिससे काम आसान हुआ है। इस मौके पर उप गन्ना आयुक्त राजेश मिश्रा ने बताया कि, पूरे मंडल में उच्च गुणवत्ता वाले गन्ना बीज पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। साथ ही किसानों को समय पर गन्ना पर्चियां भी दी जा रही हैं। उन्होंने किसानों से अपील की कि, वे सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए समितियों से जुड़े रहें और संपर्क बनाए रखें।


















