संभल (उत्तर प्रदेश): जिले में गन्ना पेराई सत्र समाप्त हो चुका है, लेकिन किसानों को अब भी शुगर मिलों से करोड़ों रुपये के भुगतान का इंतजार है। सबसे अधिक बकाया वीनस शुगर मिल मझावली पर है, जिस पर लगभग 32.78 करोड़ रुपये बाकी हैं। जानकारी के अनुसार, शासन के निर्देश हैं कि गन्ना आपूर्ति के 14 दिनों के भीतर किसानों को भुगतान किया जाए, लेकिन वीनस शुगर मिल इस मामले में सबसे पीछे चल रही है। मिल ने अब तक कुल 112.99 करोड़ रुपये के सापेक्ष केवल 80.21 करोड़ रुपये का ही भुगतान किया है। आखिरी भुगतान 26 जनवरी को किया गया था।
वहीं, असमोली और रजपुरा चीनी मिलें भुगतान के मामले में बेहतर स्थिति में हैं। असमोली चीनी मिल ने इस सत्र में 113.73 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई की, जिसके सापेक्ष 445.19 करोड़ रुपये देय थे। इसमें से 434.61 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। रजपुरा चीनी मिल ने 96.68 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई की और 381.19 करोड़ रुपये के मुकाबले 381.09 करोड़ रुपये का भुगतान कर दिया है। इस मिल पर केवल लगभग 10 लाख रुपये ही बकाया हैं।जिला गन्ना अधिकारी धनीराम ने ‘हिंदुस्तान’ को बताया कि, वीनस शुगर मिल प्रबंधन को नोटिस जारी कर बकाया भुगतान के निर्देश दिए हैं।


















