महाराष्ट्र की चीनी मिलों से प्रतिस्पर्धा के बीच कर्नाटक के बेलगावी में गन्ने के दाम बढ़े

बेलगावी : वर्ष 2026-27 के पेराई सीजन के लिए शुरुआत में 3,600 रुपये प्रति टन पहला भुगतान देने में आनाकानी कर रही बेलगावी जिले की चीनी मिलों ने अब चीनी की बिक्री कीमत से जुड़े अतिरिक्त भुगतान की घोषणा की है। सूत्रों के मुताबिक, यदि चीनी का भाव 55 रुपये प्रति किलो तक पहुंचता है, तो गन्ना किसानों को 4,350 रुपये प्रति टन या इससे अधिक कीमत मिल सकती है।

पड़ोसी महाराष्ट्र की चीनी मिलों से मिल रही प्रतिस्पर्धा के चलते कर्नाटक की मिलों ने किसानों को आकर्षक गन्ना मूल्य देना शुरू कर दिया है। किसानों को अपना गन्ना महाराष्ट्र की मिलों की ओर ले जाने से रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है।जिले में सूखे के कारण गन्ने की पैदावार प्रभावित हुई है। वहीं, पेराई सीजन शुरू होने में देरी के कारण खेतों में खड़ी गन्ने की कुछ फसल सूख गई है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

कर्नाटक राज्य रायथा संघ और हसिरू सेना के नेतृत्व में किसानों ने 5,500 रुपये प्रति टन गन्ना मूल्य की मांग को लेकर एक महीने से अधिक समय तक आंदोलन किया था। किसानों की मांग थी कि चीनी मिलें 4,500 रुपये और राज्य सरकार 1,000 रुपये प्रति टन अतिरिक्त भुगतान करे। किसानों ने चीनी और उसके उप-उत्पादों से सरकार को मिलने वाले कर राजस्व का हवाला देते हुए यह मांग रखी थी।

इसके अलावा किसानों ने केंद्रीय खाद्य एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री प्रह्लाद जोशी के धारवाड़ स्थित आवास के बाहर मार्च निकालकर प्रदर्शन किया था। उन्होंने चीनी का न्यूनतम बिक्री मूल्य 31 रुपये से बढ़ाकर 60 रुपये प्रति किलो करने की मांग की थी। किसानों का तर्क था कि चीनी का न्यूनतम बिक्री मूल्य बढ़ने से मिलों को गन्ने का बेहतर भाव देने में मदद मिलेगी।

किसानों की मांगों पर विचार के लिए केंद्र ने गठित की समिति

केंद्र सरकार ने किसानों की मांगों की समीक्षा के लिए एक समिति गठित की है। इन मांगों को पूरा करने के लिए 26 नवंबर की समयसीमा निर्धारित की गई है। किसानों की मांगों में कर्नाटक की चीनी मिलों द्वारा उत्पादित इथेनॉल की खरीद में भेदभाव नहीं करने का मुद्दा भी शामिल है। लगातार जारी आंदोलनों के कारण चीनी मिलों में पेराई कार्य शुरू नहीं हो पा रहा था। इसके बाद लोक निर्माण एवं जिला प्रभारी मंत्री सतीश जारकीहोली तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और प्रभारी उपायुक्त राहुल शिंदे ने मध्यस्थता कर पिछले सप्ताह समझौता कराया।

इस समझौते के तहत चीनी मिल मालिकों ने 3,600 रुपये प्रति टन पहला भुगतान करने और चीनी के दाम बढ़ने से होने वाले अतिरिक्त मुनाफे में किसानों को हिस्सा देने पर सहमति जताई। इसके बाद पिछले सप्ताह से जिले में गन्ने की पेराई शुरू हो गई।

महाराष्ट्र सीमा से लगी मिलों ने घोषित किए ज्यादा दाम

महाराष्ट्र की सीमा से सटी कर्नाटक की चीनी मिलों ने समझौते में तय 3,600 रुपये प्रति टन से अधिक पहला भुगतान घोषित किया है। साथ ही चीनी की बिक्री कीमत के आधार पर किसानों को मिलने वाली अतिरिक्त राशि का भी खुलासा किया है। निपाणी स्थित श्री हलसिद्धनाथ सहकारी चीनी मिल (मल्टीस्टेट) ने 3,770 रुपये प्रति टन पहला भुगतान घोषित किया है। इसके अलावा 11.50 प्रतिशत रिकवरी पर 100 रुपये प्रति टन अतिरिक्त देने की घोषणा की है।

चीनी की बिक्री कीमत के आधार पर अतिरिक्त भुगतान का भी आश्वासन दिया गया है। इसके अनुसार:

चीनी का भाव 50 रुपये प्रति किलो होने पर 200 रुपये प्रति टन अतिरिक्त।

चीनी का भाव 55 रुपये प्रति किलो होने पर 400 रुपये प्रति टन अतिरिक्त।

चीनी का भाव 60 रुपये प्रति किलो होने पर 600 रुपये प्रति टन अतिरिक्त भुगतान किया जाएगा।

यह अतिरिक्त राशि अगले पेराई सीजन से पहले किसानों को दे दी जाएगी।

इस बीच निपाणी की वेंकटेश्वर शुगर्स, शिरगुप्पी शुगर्स, उगार की उगार शुगर्स और जैनापुर की अरिहंत शुगर्स सहित अन्य चीनी मिलों ने भी चीनी की बिक्री कीमत से जुड़े गन्ना मूल्य की घोषणा की है। महाराष्ट्र और कर्नाटक के सीमावर्ती क्षेत्रों में चीनी मिलों के बीच बढ़ती प्रतिस्पर्धा का सीधा असर गन्ना किसानों को मिलने वाले भाव पर दिखाई दे रहा है।

Bioenergy Times

1 COMMENT

  1. central government must take a regionable & permanent decision to sugar cane farmers. It may help to stop the every year strikes.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here