ताइपेई: ताइवान शुगर ने मंगलवार को यूएस ग्रेन्स एंड बायोप्रोडक्ट्स काउंसिल (USGBC) के साथ एक समझौता ज्ञापन (MOU) पर हस्ताक्षर किए, जिसका उद्देश्य बायोएथेनॉल तकनीक के आदान-प्रदान और उसके प्रचार के लिए एक मंच तैयार करना है।यह समझौता वैश्विक ऊर्जा परिवर्तन और नेट-जीरो लक्ष्यों को समर्थन देने के लिए किया गया है, जिससे हरित ऊर्जा के विविध विकास को बढ़ावा मिलेगा और ताइवान की नेट-जीरो रणनीति को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।ताइवान शुगर के चेयरमैन वू मिंग-चांग और USGBC के ग्लोबल वाइस प्रेसिडेंट कैरी सिफराथ ने इस समझौते पर हस्ताक्षर किए।
वू मिंग-चांग ने कहा कि, यह समझौता ताइवान और अमेरिका के बीच हरित ऊर्जा सहयोग में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।इससे कंपनी की राष्ट्रीय नेट-जीरो नीति के प्रति प्रतिबद्धता भी स्पष्ट होती है और अंतरराष्ट्रीय बायोफ्यूल तकनीकों से जुड़ाव मजबूत होगा।कंपनी के अनुसार, बायोएथेनॉल का संबंध सतत विमानन ईंधन (SAF) के भविष्य से है और यह परिवहन क्षेत्र में कार्बन उत्सर्जन कम करने, वैकल्पिक ईंधन के विकास को बढ़ाने और हरित आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
ताइवान की सिविल एरोनॉटिक्स प्रशासन अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में 2030 तक कम से कम 5% SAF उपयोग का लक्ष्य लेकर पायलट कार्यक्रम चला रही है। इस दिशा में बायोएथेनॉल को अहम भूमिका निभाने वाला माना जा रहा है।ताइवान शुगर ने कहा कि, वह अपनी संसाधनों का उपयोग कर राष्ट्रीय नीतियों को समर्थन देने के विकल्प तलाश रही है। USGBC के पास बायोएथेनॉल, एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल और SAF के क्षेत्र में व्यापक अनुभव है, जिससे ताइवान को वैकल्पिक ईंधन विकास में मदद मिलने की उम्मीद है।
ताइवान शुगर अनुसंधान संस्थान के निदेशक हुआंग यी-रेन ने बताया कि केवल गन्ने से बायोएथेनॉल उत्पादन की जरूरतें पूरी नहीं हो सकतीं। इसलिए सहयोग के पहले चरण में उपयुक्त कच्चे माल के स्रोतों की पहचान और तकनीकी एकीकरण पर काम किया जाएगा, जिसके परिणाम अगले वर्ष की दूसरी तिमाही तक आने की उम्मीद है। USGBC के अनुसार, बायोएथेनॉल परिवहन ईंधन के रूप में काफी लचीला है और भूमि, समुद्र व वायु—तीनों क्षेत्रों में इसका उपयोग संभव है। अमेरिका से किफायती एथेनॉल आयात करने के साथ-साथ ताइवान घरेलू उत्पादन क्षमता भी विकसित कर सकता है, जिससे ऊर्जा सुरक्षा मजबूत होगी।कैरी सिफराथ ने उम्मीद जताई कि यह साझेदारी तकनीक, मानकों और औद्योगिक योजना के माध्यम से ताइवान के परिवहन क्षेत्र में बायोएथेनॉल के उपयोग को बढ़ावा देगी और नेट-जीरो तथा ऊर्जा सुरक्षा लक्ष्यों को हासिल करने में मदद करेगी।


















