तिरुप्पुर : तमिलनाडु के किसान लंबे समय से लंबित अमरावती सहकारी चीनी मिल के आधुनिकीकरण प्रस्ताव को नई निर्वाचित तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) सरकार द्वारा जल्द मंजूरी मिलने की उम्मीद कर रहे हैं। मदाथुकुलम स्थित इस मिल के आधुनिकीकरण से गन्ना उत्पादन और चीनी निर्माण को फिर से शुरू करने के साथ-साथ गन्ना किसानों की आय में सुधार की उम्मीद है। तमिलनाडु शुगर कॉरपोरेशन लिमिटेड ने जनवरी में कृषि उत्पादन आयुक्त के माध्यम से मिल के आधुनिकीकरण का प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजा था। बताया जा रहा है कि, यह प्रस्ताव अभी वित्त विभाग की मंजूरी का इंतजार कर रहा है।
अमरावती सहकारी चीनी मिल के कार्यक्षेत्र में आने वाले कोयंबटूर, तिरुप्पुर और डिंडीगुल जिलों के गन्ना किसान पिछले कई वर्षों से पुरानी हो चुकी मिल के आधुनिकीकरण की मांग कर रहे हैं। किसान प्रतिनिधियों का कहना है कि, अभी तक सरकार की ओर से परियोजना को मंजूरी मिलने की समयसीमा को लेकर कोई स्पष्ट आश्वासन नहीं मिला है। उडुमलपेट के किसान और मिल के पुनरुद्धार के लिए लंबे समय से अभियान चला रहे जेगदीश ने कहा, हमें उम्मीद है कि सरकार सकारात्मक निर्णय लेगी। हमने अपनी अगली रणनीति तय करने से पहले एक महीने और इंतजार करने का फैसला किया है।तमिलनाडु करुम्बु विवसायिगल संगम ने सरकार से मिल का आधुनिकीकरण कर इसकी गन्ना पेराई क्षमता 2,500 टन प्रतिदिन करने की मांग की है।
160 करोड़ रुपये के निवेश की जरूरत
प्रस्ताव के अनुसार, मिल में करीब 160 करोड़ रुपये के निवेश की आवश्यकता है। वर्ष 2023 में पुरानी और अनुपयोगी मशीनरी को हटाए जाने के बाद मिल के आधुनिकीकरण की जरूरत और बढ़ गई है। वर्तमान में मिल की केवल डिस्टिलरी इकाई ही चालू है, जहां रेक्टिफाइड स्पिरिट और एथेनॉल का उत्पादन किया जाता है। हालांकि, यह इकाई भी अन्य चीनी मिलों से मिलने वाले शीरे पर निर्भर है। स्थानीय किसानों के गन्ने में करीब 11 प्रतिशत की उच्च चीनी रिकवरी दर होने के बावजूद, मिल की चीनी उत्पादन इकाई बंद होने के कारण किसानों को अपना गन्ना दूर स्थित चीनी मिलों तक ले जाना पड़ता है या फिर उसे गुड़ में परिवर्तित करना पड़ता है।
NCDC के माध्यम से वित्तीय सहायता की संभावना
सूत्रों के अनुसार, तमिलनाडु सरकार इस परियोजना के लिए राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम (NCDC) के माध्यम से वित्तीय सहायता लेने पर विचार कर सकती है। सहकारी चीनी मिलों के आधुनिकीकरण को बढ़ावा देने के लिए सहकारिता मंत्रालय की अनुदान सहायता योजना के तहत NCDC ने टर्म लोन पर फ्लोटिंग ब्याज दर घटाकर 8.5 प्रतिशत कर दी है।


















